रांची।
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड के नए प्रतीक चिह्न का अनावरण आर्यभट्ट सभागार में किया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन, स्पीकर रबीन्द्र नाथ महतो आदि भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि राज्य का नया प्रतीक चिह्न राज्य की पहचान और स्वाभिमान से जुड़ा है। यह झारखंड की विराट संस्कृति को भी दर्शाता है।
नए प्रतीक चिह्न के अनावरण के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इसे देखने के बाद राज्य की जनता को अपने आप में गौरव महसूस होगा। झारखंड के नए प्रतीक चिन्ह को हेमन्त सोरेन ने राज्य की जनता को समर्पित किया।
राज्य का नया प्रतीक चिह्न गोलाकार है। इसके केंद्रीय भाग में अशोक स्तंभ उकेरा गया है। यह भारत के उत्तम सहकारी संघवाद और इसमें झारखंड की सहभागिता को दर्शाता है। हरा रंग राज्य की हरियाली तथा पलाश के फूल प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाते हैं। नए प्रतीक चिह्न में जनजातीय त्योहारों और रोजमर्रा के कामकाज को चित्रित करनेवाले जनजातीय कला को भी स्थान दिया गया है। इसमें उकेरे गए हाथी झारखंड के महान इतिहास, शक्ति और सामूहिक बुद्धिमत्ता का प्रतीक हैं। साथ ही ये सभी बड़ी बाधाओं का दमन करते हुए आगे बढ़ने के संकल्प को भी दर्शाते हैं। लोगो में 24 हाथी, 24 पलाश के फूल और अन्य चीजें भी 12 के गुणक में हैं।