
महासमुंद: छत्तीसगढ़ के महासमुंद में एक महिला ने अपनी 5 बेटियों के साथ बुधवार देर रात ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। सभी के शव गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 50 मीटर दूर तक बिखरे पड़े मिले हैं। मरने वाले सभी बच्चों की उम्र 10 से 18 साल के बीच है। बताया जा रहा है कि शराबी पति से विवाद होने के बाद महिला ने ऐसा कदम उठाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।

जानकारी के मुताबिक, जिले के इमलीभांठा नहर पुलिया के पास गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़े देखे तो कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। रेलवे को भी इसकी जानकारी दी गई और ट्रेनों की आवाजाही को रोका गया है। इन सभी की मौत लिंक एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई।
दूर तक रेलवे ट्रैक पर बिखरे थे शव

पुलिस का कहना है कि घटना देर रात हुई होगी। महिला और तीन लड़कियों के शव थोड़ी दूरी पर मिले, जबकि दो अन्य लड़कियों के शव ट्रैक पर आगे पड़े मिले हैं। शवों के साथ उनकी चप्पलें भी दूर तक बिखरी हुई थीं। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की गई है, जिसके बाद महिला और उसकी बेटियों की पहचान हो गई है।
शाम को घर से निकली थी महिला
बताया जा रहा है कि बेमचा निवासी महिला उमा साहू का पति केजराम शराब पीने का आदी है। केजराम बुधवार शाम को भी शराब पीकर घर पहुंचा तो पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि उमा देर शाम करीब 7.30 बजे अपनी पांचों बेटियों अन्नपूर्णा (18), यशोदा (16), भूमिका (14), कुमकुम (12) और तुलसी (10) को लेकर घर से निकल गई। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं था। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 से 9.30 बजे के बीच लिंक एक्सप्रेस के सामने सभी ने एकसाथ कूदकर जान दे दी।


