रांची।

झारखंड में कोरोना वायरस के मामले कम होने के नाम नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को राज्य में जबरदस्त कोरोना विस्फोट हुआ है, जिसने अभी तक के सारे रिकॉर्ड को तोड़ दिया। एक दिन में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं ।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को एक दिन में 686 नए संक्रमित मिले हैं। सबसे ज्यादा 231 कोरोना संक्रमित मरीज रांची में मिले है। पलामू में 121, गिरिडीह में 82, हजारीबाग में 65, सिमडेगा में 47 और कोडरमा में 42 नए पॉजिटिव मिले हैं।
इससे पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 9563 हो गई है।

मेडिकल बुलेटिन की माने तो झारखंड में कोरोना के 5485 एक्टिव केस हैं। वहीं, ठीक होने वाले कोरोना मरीजों की संख्या 3984 हो गई है। राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या 94 हो गयी है। वहीं, राज्य में कोरोना का रिकवरी रेट घटकर 41.66% पर आ पहुंचा है।



