Ranchi: सब जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप (Sub Junior National Hockey Championship) के लिए झारखंड की टीम का रविवार को सेलेक्शन ट्रायल हुआ। चार मई से गोवा में 12वी हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2022 का आयोजन होना है। इसके साथ ही 27 अप्रैल से मणिपुर में 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2022 का आयोजन तय है। इसे लेकर हॉकी झारखंड के सब जूनियर पुरुष एवं महिला हॉकी खिलाड़ियों का दो दिवसीय चयन ट्रायल एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम सिमडेगा में आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से महिला वर्ग में 162 तथा पुरुष वर्ग में 205 हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया। दोनों वर्गों से उपस्थित खिलाड़ियों की टीम बनाकर मैच कराया गया। इसके बाद दोनों वर्गों से बेस्ट 35-35 खिलाड़ियों का चयन आज किया गया।
हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि दोनों महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से 20 दिन पूर्व चयनित खिलाड़ियों के लिए हॉकी झारखंड की ओर से विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जायेगा।इनमें से बेस्ट 18 खिलाड़ियों को झारखंड टीम से चयनित कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड टीम से खेलने का अवसर मिलेगा।