भोपाल: मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की पैरा शूटर रूबिना फ्रांसिस ने पैरू के लीमा में 12 से 17 जून 2021 तक आयोजित पैरा विश्व कप में इतिहास रचते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल पैरा वूमेन इवेन्ट में भारत को ओलम्पिक कोटा दिलाया। रूबिना ने पैरा विश्व कप के फायनल राउण्ड में 238.1 अंकों के साथ नया विश्व रिकार्ड बनाते हुए स्वर्णिम सफलता अर्जित की और भारत को ओलम्पिक कोटा दिलाया। इससे पहले रूबिना ने क्वालिफिकेशन राउण्ड में 600 में से 555 अंक प्राप्त किए और पांचवा स्थान हासिल कर फायनल में जगह बनाई। खास बात यह है कि रूबिना मध्यमवर्गीय परिवार से है और उनके पिता मोटर मैकेनिक का काम करते हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में ओसिजेक में आयोजित पैरा विश्व कप में टर्की के खिलाड़ी अयसेगुल पेहलीवनलर ने 237.1 अंक अर्जित कर वर्ल्ड रिकार्ड बनाया था।
प्रदेश की बेटी ने रचा इतिहास
प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने पैरा विश्व कप में रूबिना फ्रांसिस के अद्वितीय एवं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और कहा कि हमें प्रदेश की बेटी रूबिना पर गर्व है। पैरा विश्व कप में रूबिना ने नए कीर्तिमान के साथ भारत को ओलम्पिक कोटा दिलाकर इतिहास रचा और देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। खेल मंत्री ने रूबिना की इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक पदमश्री, अर्जुन एवं द्रोणाचार्य अवार्डी जसपाल राणा, प्रशिक्षक जयवर्धन और ओशिन टवानी को भी बधाई दी है।
रूबिना की उपलब्धियां
वर्ष 2017 से मप्र राज्य शूटिंग अकादमी में शूटिंग खेल की बारीकियां सीख रही रूबिना ने अंतरराष्ट्रीय पैरा शूटिंग प्रतियोगिताओं में देश को दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक दिलाए हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में बैंकाक में आयोजित विश्व शूटिंग पैरा स्पोटर्स चैम्पियनशिप के 10 मीटर एयर पिस्टल वूमेन टीम इवेन्ट में जूनियर विश्व रिकार्ड बनाते हुए देश को स्वर्ण पदक दिलाया तथा वर्ष 2019 में क्रोएशिया में आयोजित विश्व शूटिंग पैरा स्पोटर्स विश्व कप में देश को कांस्य पदक दिलाया। उन्होंने राष्ट्रीय पैरा शूटिंग प्रतियोगिताओं में 10 स्वर्ण, 2 रजत सहित 12 पदक अर्जित कर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया है।
मध्यप्रदेश सरकार का आभार
रूबिना फ्रांसिस के पिता जबलपुर निवासी साईमन फ्रांसिस मध्यमवर्गीय परिवार से है जो पेशे से मोटर मैकेनिक हैं। उन्होंने बताया कि रूबिना को बचपन से ही शूटिंग खेल में विशेष रूचि रही है। रूबिना के पैरा विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करने और देश को ओलम्पिक कोटा दिलाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए साईमन फ्रांसिस कहते है कि रूबिना ने देश का गौरव बढ़ाया है, ईश्वर ऐसी बेटी सबको दे, जो माता-पिता के साथ ही प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। जबलपुर के एक निजी नर्सिंग होम में कार्यरत रूबिना की माता सुनीता फ्रांसिस ने भी बेटी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हमें अपनी बिटिया पर गर्व है। रूबिना के माता-पिता ने बेटी को मिली इस सफलता का श्रेय प्रदेश की खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को देते हुए मध्य प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है।
विश्व स्तरीय शूटिंग अकादमी के सुखद परिणाम
खेल संचालक पवन जैन ने पैरा विश्व कप में रूबिना फ्रांसिस को मिली सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शूटिंग खेल में भारत को ओलम्पिक का कोटा दिलाने वाले खिलाड़ियों में एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और चिंकी यादव के बाद रूबिना फ्रांसिस तीसरी खिलाड़ी है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तरीय शूटिंग अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को मिल रही अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं और हाई परफारमेंस ट्रैनिंग का ही परिणाम है कि हमारे खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे है और पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।