देवघर: वो वक़्त दूर नहीं जब आप अपनी फोर व्हीलर पर बैठ गोड्डा लोकसभा से महज दो से तीन घंटे में कोलकाता या पटना तक का सफर पूरा कर लेंगे। जी हाँ.. गोड्डा लोकसभा क्षेत्र विकास की नई गाथा लिखने जा रहा है। इंटरनेश्नल एयर पोर्ट, देश का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान AIIMS के बाद अब एक्सप्रेस-वे की सौगात गोड्डा लोकसभा को मिली है। वो भी एक नहीं दो-दो एक्सप्रेस-वे। इस बात की जानकारी गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान दी।
गोड्डा लोकसभा को केंद्र सरकार की बड़ी सौगात
एमपी डॉ. निशिकांत दुबे ने बताया कि गोड्डा लोकसभा को दो बड़ी सौगात केंद्र सरकार ने दी है। वो है एक्सप्रेस वे की सौगात। उन्होंने कहा कि संथाल परगना या झारखण्ड का डेवलपमेन्ट अगर रुका तो उसका कारण था यहां बंदरगाह का नहीं था। क्योंकि डेवलप वही राज्य या देश हुआ जिसके पास पोर्ट है। जब 2012-13 में मैंने कहा था कि संथाल परगना में गंगा में पोर्ट बनेगा उस वक़्त लोग इसे हवा हवाई बातें कहते थे। लेकिन साहेबगंज में गंगा पर पोर्ट बन गया। फिर भी साहेबगंज में गंगा का डेप्थ के कारण बड़े सामान लाने के लिए सबसे बड़ी समस्या है। और झारखण्ड को खासकर संथाल परगना को पोर्ट की आवश्यकता है। इस बीच भारत सरकार और बिहार सरकार ने नेपाल को कनेक्टिविटी देने का एक फैसला किया था। और एक 54 हज़ार करोड़ की ग्रीन फिल्ड एलाइनमेंट को सेंग्शन किया, जिसका डीपीआर बनाने का टेंडर हो चूका है।
गोड्डा लोकसभा होकर गुजरेगी रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे
निशिकांत दुबे ने बताया कि वो एलाइनमेंट है रक्सौल से हल्दिया तक 695 किलोमीटर का सड़क। उन्होंने बताया कि मैं चाहता था कि ये एलाइनमेंट मेरे लोकसभा से होकर गुजरे जिसका संथालपरगना वासियों को फायदा हो। जिसको लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से बात हुई। बड़ी बात ये हुई कि ये एलाइनमेंट गोड्डा लोकसभा में बांका के बॉर्डर से घुसेगा, ये सरैयाहाट, नोनीहाट होते हुए दुमका और उसके बाद पानागढ़ के आसपास से क्रॉस करते हुए आगे बढ़ेगा। जिसका फायदा संथाल वासियों को मिलेगा।
सौगात में मिला एक और एक्सप्रेस-वे
वहीं, दूसरे सौगात के बारे में सांसद निशिकांत दुबे ने बताया कि आज से 10 दिन पहले बिहार सरकार ने फिर एक प्रपोजल दिया पटना से कोलकाता ग्रीन फिल्ड प्रोजेक्ट। ये प्रोजेक्ट 21 हज़ार करोड़ का है। बिहार के पीडब्ल्यूडी मंत्री नितिन नवीन से इसको लेकर बात हुई। मेरी इक्षा थी कि ये प्रोजेक्ट भी गोड्डा लोकसभा होकर गुजरे। अब कोलकाता पटना ग्रीन फिल्ड एक्सप्रेस वे भी गोड्डा लोकसभा होकर गुजरेगा।
मधुपुर और जामताड़ा होकर गुजरेगी पटना-कोलकाता ग्रीन फिल्ड प्रोजेक्ट
इसके बारे में जानकारी देते हुए निशिकांत दुबे ने बताया कि ये एक्सप्रेस वे पटना से बिहार शरीफ पुराने सड़क पर आएगा। बिहार शरीफ से सिकंदरा कम्पलीट नया प्रोजेक्ट रहेगा। सड़क सिकंदरा से चकाई , चकाई से मधुपुर जायेगा और मधुपुर से जामताड़ा सीधी सड़क जाएगी। ये सड़क बिलकुल नया तैयार होगा। फिर जामताड़ा से दुर्गापुर , दुर्गापुर से दानकोनी और दानकोनी से कोलकाता तक सड़क बनेगी। ये दोनों एक्सप्रेस वे छह-छह लेन की होगी।
विकास की नई गाथा लिखेगा गोड्डा लोकसभा
निशिकांत दुबे ने कहा कि इन दोनों एक्सप्रेस-वे के बन जाने से पूरी गोड्डा लोकसभा नेपाल से सीधे जुड़ जाएगी। हल्दिया पोर्ट से जुड़ जाएगी और कोलकाता पोर्ट से कनेक्ट हो जाएगी। देवघर के लोग 2 से 2.5 घंटे में पटना व कोलकाता पहुंचेंगे। 12 घंटे में काठमांडू पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बन जाने के बाद पुरे गोड्डा लोकसभा का विकास होगा।