देवघर: देवघर रोटरी क्लब (Rotary Club) ने सराहनीय पहल की है। देवघर एम्स (Deoghar AIIMS) परिसर के 75 एकड़ जमीन में पौधारोपण का बीड़ा रोटरी क्लब ने उठाया है। उसी के तहत हर दिन पौधे लगाए जा रहे हैं। एम्स ओपीडी उद्घाटन के दिन भी पौधारोपण का कार्य जारी रहा। इस मौके पर सांसद निशिकांत दुबे (Nishikant Dubey) ने भी पौधारोपण किया।
प्रोजेक्ट वसुंधरा के तहत एम्स परिसर में लगाए जा रहे पौधे

एम्स, ग्रो ट्रीस मुंबई और रोटरी क्लब देवघर के बीच हुए एक एमओयू के अंतर्गत एम्स परिसर में देवघर रोटरी द्वारा 50,000 पौधे लगाए जा रहे हैं। 30 जून 2021 को संपन्न एमओयू में प्रोजेक्ट वसुंधरा (Project Vasundhara) नाम से रोटरी क्लब द्वारा एम्स परिसर में 50000 पौधे लगाने और इसका दो वर्षों तक प्रबंधन करने का जिम्मा लिया गया है। एमओयू साइन होने के बाद उसी दिन 30 जून को ही इस मेगा पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ एम्स के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ डॉ. सौरभ वार्ष्णेय, रोटरी देवघर के तत्कालीन अध्यक्ष पीयूष जयसवाल और सचिव मनीष धानुका ने संयुक्त रूप से किया। करीब 75 एकड़ क्षेत्र में चल रहे पौधारोपण में अब तक लगभग 44,000 पौधे लगाए जा चुके हैं।
एमपी निशिकांत ने भी किया पौधारोपण

आज एम्स के आयुष भवन, रैन बसेरा और ओपीडी सेवाओं के उद्घाटन कार्यक्रम के बादकार्यक्रम में शामिल विशिष्ट अतिथि गोड्डा सांसद डा. निशिकांत दुबे और एम्स के कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) सौरव वार्ष्णेय, उपनिदेशक अमरेन्द्र कुमार, एनबीसीसी के मुख्य महाप्रबंधक सुमन कुमार ने भी पौधारोपण किया। साथ ही प्लान्टेशन एरिया का मुआयना करते हुए रोटरी देवघर की इस बड़ी पहल की प्रशंसा की और एक बेमिसाल कार्य बताया। साथ ही इस प्रोजेक्ट की क्लोज मोनिटरिंग कर रहे रोटेरियन पीयूष जयसवाल के काम को सराहा।
आने वाले दिनों में विकसित किया जायेगा मेडिशनल हीलिंग सेन्टर

अतिथियों ने उम्मीद जताई कि प्रोजेक्ट वसुंधरा के अंतर्गत रोटरी के बेहतरीन प्रबंधन से 2 वर्षों में एम्स परिसर न सिर्फ हरा-भरा दिखाई देगा बल्कि कालान्तर में एम्स आने वाले लोगों को आकर्षित करेगा। एम्स में ईलाज के लिए आने वाले मरीजों और परिजनों को बेहतरीन पर्यावरण अनुकूल माहौल और सकून मिलेगा। कार्यकारी निदेशक ने कहा कि आगे जाकर इस प्लान्टेशन क्षेत्र में एम्स द्वारा मरीज और उसके परिजनों की सुविधा के लिए मेडिशनल हीलिंग सेन्टर भी विकसित किया जाएगा।
12 लाख रोटरी सदस्यों के नाम पर एक-एक पेड़ लगाने का संकल्प
प्रोजेक्ट वसुंधरा रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250 (बिहार-झारखण्ड) की अतिमहत्वाकांक्षी पौधारोपण परियोजना है। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजन गनडोत्रा ने विगत सितंबर माह में इस प्रोजेक्ट वसुंधरा की परिकल्पना की जिसका थीम था विश्व भर के सभी 12 लाख रोटरी सदस्यों के नाम पर एक-एक पेड़ अर्थात 12 लाख पेड़ लगाने का संकल्प। प्रोजेक्ट वसुंधरा के लिए मुंबई की ग्रोट्रीज.कॉम पार्टनर की भूमिका में है और इसने प्रोजेक्ट के लिए सारे पौधे उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी ली है। रोटरी इंटरनेशनल के डायरेक्टर कमल सिंघवी और रोटरी इंटरनेशनल प्रेसीडेंट शेखर मेहता के सानिध्य में 16 सितम्बर 2020 को 50000 पेड़ लगाने की शुरुआत कर प्रोजेक्ट का आगाज कर दिया गया था।
पीयूष जयसवाल बने एम्स देवघर में चल रहे इस प्रोजेक्ट की रीढ़
सिंतबर 2020 में जब इस प्रोजेक्ट वसुंधरा का आगाज हुआ तो तत्कालीन रोटरी देवघर के अध्यक्ष पीयूष जयसवाल ने अपने मन में ठान लिया कि देवघर रोटरी भी 50000 पौधे लगाने का बीड़ा उठाएगी और तभी से इस प्रोजेक्ट को पूरा करने में पूरे तन्मयता से लग गए। सबसे बड़ा सवाल था 50 हजार पेड़ लगेंगे कैसे और उसकी सुरक्षा और ग्रोथ कैसे होगी। पीयूष ने देवघर के दो बड़े प्रोजेक्ट एम्स और एयरपोर्ट में इस प्रोजेक्ट को क्रियान्वित करने की संभावना देखी और दोनों जगह के निदेशकों से संपर्क साध कर प्रोजेक्ट के वृहद आयाम की चर्चा की। एम्स के विशाल भूखंड में इस प्रोजेक्ट के लिए व्यापक संभावनाएं दिखी और यहां के डायरेक्टर डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने भी सकारात्मक नजरिया दिखाया। फिर पीयूष के लगातार कोशिशों और लम्बे जद्दोजहद के बीच भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय, एम्स और रोटरी के बीच इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की सहमति बनी और फिर लगभग एक वर्ष की जिद्द और महत्वाकांक्षा से लबालब पीयूष जयसवाल ने अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के अंतिम दिन सचिव मनीष धानुका के साथ एम्स के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किया और उसी दिन पौधे लगाने की शुरुआत कर दी गई। 30 जून को अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के पूरा हो जाने के बाद भी पीयूष मेगा पौधारोपण के इस काम को लगातार प्रत्येक दिन 5 से 6 घंटे अपना बहुमूल्य समय देकर पूरा कर रहे हैं। लगभग 75 एकड़ क्षेत्र में फैले इस पौधारोपण कार्यक्रम को उसने अपने जीवन का एक बड़ा लक्ष्य के रूप में लिया है और अगले 10 दिनों के अन्दर 50000 पौधे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 2 वर्षों तक लगातार पौधों का रखरखाव और ऑडिट होगा तथा किसी कारण से सूख रहे पौधों की जगह नए पौधे लगाए जाएंगे। 2 वर्षों तक पूरी नर्सिंग की जिम्मेदारी तथा पौधों को बड़ा कर इसे एम्स प्रबंधन को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
रोटरी देवघर के लिए हर्ष की बात
रोटरी देवघर के निवर्तमान सचिव मनीष धानुका ने बताया कि रोटरी देवघर के लिए यह हर्ष की बात है कि इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट वसुंधरा का उल्लेख आज के उद्घाटन समारोह में स्वागत भाषण के दौरान निदेशक डॉ. सौरव वार्ष्णेय ने भी किया। साथ ही एम्स देवघर की वेबसाइट पर भी इस प्लान्टेशन के कार्य को अपडेट किया गया है।
इनका मिला है साथ
इस पूरे प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन में देवघर के सभी रोटेरियन निवर्तमान सचिव मनीष धानुका, आनंद साह, संजय खेतान, जयप्रकाश चौधरी, शंकर बर्णवाल, चन्दन बर्णवाल, सुरेन्द्र सिंघानिया, अभय सराफ, डॉ सुनील सिन्हा, विजय मुन्द्रा, गोविंद प्रसाद डालमिया, शंकर लाल सिंघानिया, पंकज भालोटिया, नीरज अग्रवाल, जितेश अग्रवाल, आशीष भारद्वाज, डॉ संजय भगत, संजीव अग्रवाल, गोपाल चौधरी, विकास टिबरेवाल, मनोज नेवर, डॉ राजीव, डॉ अमित, ओम छावछरिया, प्रमोद छावछरिया, वर्तमान अध्यक्ष आनन्द शाव एवं सचिव अमित गुप्ता के उत्साहपूर्ण क्रमबद्ध सहयोग से देवघर रोटरी का यह महत्वपूर्ण और कामयाब प्रोजेक्ट आगे बढ़ रहा है। इस कार्यक्रम में एनबीसी और एम्स प्रबंधन का सकारात्मक सहयोग से रोटरी उनके प्रति कृतज्ञ है।
इसे भी पढ़ें:
- 72nd National Film Awards: यामी गौतम को ‘Article 370’ और कार्तिक आर्यन को फिल्म ‘Chandu Champion’ के लिए मिला सम्मान
- ‘घटना का अंजाम भी होना चाहिए, एनकाउंटर जरूरी’, Jamui की घटना पर MLA अनंत सिंह
- Asian Games: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जीता स्वर्ण, फाइनल में श्रीलंका को 147 रन से हराया
- Bihar: जमुई मामले में अब तक 5 गिरफ्तार, पीड़ित की पहचान उजागर करने वालों पर भी कार्रवाई
- Deoghar: फर्जी कस्टमर केयर बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार



