
Ranchi: देवघर के बाबा वैद्यनाथ धाम और दुमका के बासुकीनाथ धाम में 22 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावणी मेला 2024 के अवसर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है।

देवघर और दुमका जिला में सुरक्षा और विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए लगभग 14000 पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। इससे संबंधित आदेश पुलिस मुख्यालय की ओर से शनिवार को जारी कर दिया गया है।

श्रावणी मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो, इसके लिए विशेष तौर पर आंतकवाद निरोधी दस्ता(एटीएस) के साथ-साथ झारखंड जगुआर के चार एसाल्ट ग्रुपों की तैनाती की गई है। 20 जुलाई से पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।
22 जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन के सभी विभाग जुटे हुए हैं। इसे लेकर देवघर में 38 डीएसपी, दुमका में 10 डीएसपी, रेल धनबाद में दो डीएसपी तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा देवघर में 120 इंस्पेक्टर-सब इंस्पेक्टर तैनात किए गए हैं, जबकि दुमका में कुल 30 और रेल धनबाद में 08, इसके अलावा जमादार- 730, सशस्त्र बल 1240, महिला लाठी बल और महिला लाठी बल 9000, गृह रक्षक- 2000, रैफ 5 कंपनी, एनडीआरएफ 3 टुकड़ी, बम स्क्वायड 4 टीम, झारखंड जगुआर एसाल्ट ग्रुप 4, अश्रु गैस दस्ता 4, अग्निशमन दस्ता 4, श्वान दस्ता 3 सहित स्पेशल ब्रांच और सादे लिबास में भी जवान तैनात किए गए हैं।
आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता एवी होमकर ने शनिवार को बताया कि सावन को लेकर पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। खासकर बाबा वैद्यनाथ धाम और दुमका के बासुकीनाथ धाम में पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती की गयी है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। (HS)


