
Deoghar: राजकीय श्रावणी मेला 2022 (Shravani Mela 2022) के मद्देनजर बाबा नगरी आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ साथ मनोरंजन का भी उचित प्रबंध किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं/कांवरियों को हर संभव सहायता करने के प्रयास जारी हैं। इसी कड़ी में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा बाबा नगरी में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर बाबा वैद्यनाथ धाम में चार स्टेज बनाए गए हैं। 1. दुम्मा, 2. कोठिया बस स्टैंड, 3. आध्यात्मिक भवन और 4. बीएड कॉलेज शामिल हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं के मनोरंजन का ख्याल रखा जा रहा है। साथ ही साथ भीड़ नियंत्रित करने में भी काफी मदद मिल रही है। इन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए श्रद्धालुओं को भक्तिमय संगीत के साथ साथ भगवान शिव की कथा व अन्य सुंदर और मनोरंजक कार्यक्रम दिखाया जा रहा है। ताकि बाबा बैद्यनाथ के श्रद्धालु को हर्ष, आनंद, उल्लास और प्रसन्नता की अनुभूति प्राप्त हो सकें। साथ ही इस अवसर पर स्थापित किए गए भगवान शिव के भव्य एवं आकर्षक प्रतिमाओं का श्रद्धालुगण आस्था, श्रद्धा,विश्वास एवं भक्ति भावना के साथ पूजा-अर्चना में जुटे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और उमंग

श्रावण मास के पावन उपलक्ष्य पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। यहां पहुंचने वाले महिला एवं पुरूष श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। आयोजन को लेकर उक्त क्षेत्रों सहित आसपास के क्षेत्रों केश्रद्धालुओं और देवघर निवासियों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस दौरान सांस्कृतिक मंच के कलाकारों ने धार्मिक से ओतप्रोत कार्यक्रम पेश किए।
गौरतलब है कि पिछले दो वर्षो से कोरोना संक्रमण के कारण श्रावण मास का आयोजन नहीं हो पा रहा था। दो वर्षो के पश्चात श्रावण मास के आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है। बाबा बैद्यनाथ धाम की पावन नगरी देवघर में श्रद्धालु लाखों की संख्या में दर्शन/जलार्पण करने पहुंचे है। जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के साथ-साथ मनोरंजन के अलावा अन्य सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ और दुरुस्त किया गया है। ताकि किसी भी श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।










