
Udaipur: उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में सरकारी स्कूल के एक छात्र ने दूसरे छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। इससे छात्र बुरी तरह घायल हो गया। स्कूल टीचर और आसपास के लोग घायल छात्र को तुरंत एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

आरंभिक जानकारी के अनुसार मामला कहासुनी को लेकर हुआ बताते हैं, लेकिन कहासुनी किस बात को लेकर हुई यह जानकारी सामने नहीं आई है। दोनों छात्र अलग-अलग समुदायों से होने के कारण प्रशासन मामले में सतर्कता बरत रहा है। घायल छात्र के समाजजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे हैं।

घटना शहर के बीच स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भट्टियानी चोहट्टा की है। घटना के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) लोकेश भारती और सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं।
इनके बीच इंटरवेल में स्कूल के ठीक बाहर झगड़ा हुआ। एक छात्र ने खेरादीवाड़ा निवासी दूसरे छात्र पर चाकू से वार कर दिया। चाकू पीडित छात्र के जांघ पर लगा। वह बुरी तरह घायल हो गया। जमीन पर काफी खून बह गया। हमले के तुरंत बाद स्कूल टीचर बाहर दौड़कर आए और घायल छात्र को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। उससे पहले आरोपित छात्र मौके से फरार हो चुका था।
घटना के बाद स्कूल और आसपास क्षेत्र में दहशत का माहौल हो गया है। मौके पर पुलिस तैनात है और जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ। इस बात का पता नहीं लगा है। साथ ही आरोपित छात्र फरार है उसकी तलाश की जा रही है।
इस बीच, आक्रोशित समाजजनों और हिन्दू संगठनों ने हाथीपोल और चेतक सर्कल क्षेत्र की कुछ दुकानों को बंद करवा दिया है। अस्पताल में समाजजनों के साथ भाजपा, हिन्दू जागरण मंच व अन्य संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी पहुंच गए हैं। (HS)



