

जयपुर।

बेंगलुरु से जयपुर आ रही इंडिगो (IndiGo) की फ्लाइट में बुधवार सुबह एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया। फ्लाइट में मौजूद एक महिला डॉक्टर ने इंडिगो के क्रू मेंबर्स की मदद से सफल डिलीवरी कराई। फिलहाल, महिला और नवजात की हालात सुरक्षित और स्थिर है।
सुबह 8 बजे जयपुर पहुंचने वाला था विमान

एयरलाइन के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-469 ने सुबह 5:45 पर बेंगलुरु से उड़ान भरी थी। इसे 8 बजे जयपुर पहुंचना था। सीट नंबर 2A पर बैठी ललिता नाम की महिला को फ्लाइट में अचानक लेबर पेन हुआ। विमान के क्रू मेंबर्स ने डॉक्टर के लिए अनाउंस किया। गनीमत रही कि इसी फ्लाइट में सीट नंबर 10C पर महिला डॉक्टर सुबहाना नजीर भी सफर कर रही थीं। डॉ. नजीर ने फौरन कमान संभाल लिया और क्रू मेंबर्स की मदद से डिलीवरी कराई। बच्ची के जन्म के बाद फ्लाइट में एकदम जश्न का माहौल था। फ्लाइट में मौजूद पैसेंजर्स ने भी सफल डिलीवरी पर खुशी जताई और डॉक्टर का अभिवादन किया। सभी के चेहरे पर अचानक आया तनाव कुछ ही पलों में खुशी में बदल गया।
नवजात और उसकी मां का जोरदार स्वागत
इस बीच क्रू मेंबर्स ने भी जयपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी को इसकी जानकारी दी। जयपुर पहुंचने पर इंडिगो की ओर से नवजात और उसकी मां का जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने डॉक्टर और एंबुलेंस की व्यवस्था की। इसके बाद महिला और बच्ची को EHCC अस्पताल भेजा गया।
एयरलाइंस ने डॉक्टर को दिया थैंक्यू कार्ड

महिला की डिलीवरी करने वाली डॉक्टर नजीर का एयरलाइंस ने सम्मान किया। एयरलाइंस की तरफ से डॉक्टर नजीर को थैंक्यू कार्ड दिया गया। साथ ही मां और नवजात बच्ची की तस्वीर भी शेयर की गई है।
यह कोई पहली घटना नहीं
ऐसा नहीं है कि उड़ती फ्लाइट्स में किसी महिला द्वारा बच्चे को जन्म देने की यह कोई पहली घटना है, इससे पहले भी जमीन से हजारों फीट उपर हवाई जहाज में बच्चे की किलकारी गूंज चुकी है। बीते साल 2020 के अक्टूबर महीने में दिल्ली से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की ही फ्लाइट 6E 122 में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। यात्रा के दौरान ही एक महिला को समय से पहले ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई. जिसके बाद महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया।

इससे पहले 2017 में भी जेट एयरवेज की फ्लाइट में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया था। जेट एयरवेज ने इस घटना को काफी खास मानते हुए बच्चे के लिए लाइफ टाइम फ्री टिकट का ऐलान किया था। इसके अलावा कई बार ऐसे मामले देखने को मिले है जब देश विदेश में किसी महिला ने बच्चे को जन्म दिया है।
बहरहाल ताजा मामले में दोनों मां और बच्चे पूरी तरह सुरक्षित है। डिलीवरी के समय जहाज में मौजूद डॉक्टर और विमान के क्रू मेंबर ने काफी मदद की। इस मदद के लिए बच्चे की मां और उनके परिजनों ने सभी को धन्यवाद कहा है।



