

जयपुर।

अतंरराष्ट्रीय महिला दिवस (International Women's Day) पर हर साल की तरह इस बार भी महिलाएं रोडवेज बस (Roadways Buses) में फ्री में सफर कर सकेंगी। राज्य सरकार ने प्रदेश की सीमा में रोडवेज बसों में महिलाओं को फ्री सफर का तोहफा दिया है। फ्री सफर का लाभ रविवार रात 12 बजे से कल यानी सोमवार रात 11.59 बजे तक उठा सकती हैं। छूट के इस लाभ के बाद महिलाएं राजस्थान के किसी भी शहर-गांव या कस्बे में रोडवेज बस में निशुल्क सफर कर सकेंगी। छूट का ये लाभ जयपुर शहर में संचालित लोक परिवहन जेसीटीएसएल की बसों में भी मिलेगा।

परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बताया कि महिला दिवस पर यह सविधाएं लड़कियों और महिलाओं के लिए है। रोडवेज बस में राज्य की सीमा के अंदर महिलाओं से किराया नहीं लिया जाएगा। ये सुविधा केवल साधारण और एक्सप्रेस बसों (वातानूकुलित और वॉल्वो को छोड़कर) में दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि बसों में यात्रा के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करना होगा। इस दौरान बिना मास्क लगाए अगर कोई यात्री आएगा तो उसे बस में सफर नहीं करने दिया जाएगा। पूरे राजस्थान में रोडवेज की 3 हजार से अधिक बसों का संचालन होता है। खास बात ये है कि महिलाएं चाहे तो कल की जाने वाली यात्रा के लिए आज भी टिकट की प्री-बुकिंग करवा सकती है।



