
Deoghar: जिले के बंधा दुर्गा मंदिर के समीप बुधवार दोपहर एक छात्रा को दो बाइक सवार बदमाश ने चाकू मारकर जख्मी कर दिया। चाकू छात्रा के बायें हाथ में लगी। इसके बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। जख्मी हालत में छात्रा इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची। यहां छात्रा का प्राथमिक उपचार किया गया। मूल रूप से गोड्डा जिला के गंगटी की रहने वाली छात्रा व उसके स्वजन बंधा मोहल्ला में एक किराए के मकान में रहते है।

छात्रा ने बताया कि वह ट्यूशन पढ़कर घर वापस लौट रही थी। दोपहर 1:30 बजे के करीब बंधा दुर्गा मंदिर के समीप बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था। उसके पास पहुंचते ही उसमें से एक बदमाश ने चाकू से वार दिया। जो उसके हाथ में लगी। बाइक बिना नंबर का था। इसके बाद दोनों फरार हो गए। घायल हालत में वह घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने स्वजनों को दी। इसके बाद स्वजन उन्हें लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर आए।

छात्रा ने बताया कि किस कारण से उसे चाकू मारा गया, यह उसके समझ से परे है। वहीं छात्रा की मां ने बताया कि बंधा में किराए के मकान में रहकर बच्चों की पढ़ाई लिखाई करा रही है। घटना को लेकर पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस को दे दी गई है।



