
Ranchi: ओडिशा पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (Economic Offense Wing of Odisha Police) ने निवेश योजनाओं के नाम पर बड़ी संख्या में लोगों से 4 करोड़ की ठगी करने वाले दो आरोपियों को रांची पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किया है। इनके नाम अमर डेनिश और पीयूष कुमार उर्फ निशांत हैं।

दोनों बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं, लेकिन पिछले कुछ महीनों से रांची के पुंदाग इलाके में श्याम विहार अपार्टमेंट में छिपे थे। बताया गया है कि इन आरोपियों ने वास्तव इंडिया नामक एक ट्रस्ट के जरिए विभिन्न योजनाओं के तहत आकर्षक रिटर्न का वादा कर लोगों से रकम जमा करवाई।

इसके बाद भुवनेश्वर स्थित जोनल कार्यालय बंद कर फरार हो गए। आरोप है कि इन आरोपियों ने लोगों से करीब चार करोड़ रुपए ठगे। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी इकोनॉमिक ऑफेंस विंग को दी। इसके बाद भुवनेश्वर में 30 नवंबर 2022 को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपियों को इनके मोबाइल लोकेशन के आधार पर ट्रैक किया गया। पता चला कि वे रांची में छिपे हैं। ओडिशा की टीम डीएसपी प्रदीप्ता के नेतृत्व में रांची पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से उन्हें गिरफ्तार कर लिया। रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा ने इनकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। (IANS)


