भुवनेश्वर।

ओडिशा में इस बार होली का त्योहार कोरोना के कारण फीका रहेगा। ओडिशा सरकार ने प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर के बीच दिशा-निर्देश जारी किया है। जिसमें सार्वजनिक स्थानों पर होली का उत्सव मानने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके साथ ही उड़ीसा में होली के अवसर पर मनाया जाने वाली डोला यात्रा को लेकर भी आदेश जारी किया है। होली अपने घरों में केवल परिवार के सदस्यों के साथ मना सकते हैं।

बता दें देश भर में 28 और 29 तारीख को होली का त्योहार मनाया जाएगा लेकिन ओडिशा में सार्वजनिक स्थानों पर होली मनाने पर सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने प्रदेश के लोगों से 'डोला' और होली के त्योहार को घर में ही मनाने का आग्रह किया। उड़ीसा में डोला उत्सव 23 मार्च से शुरू होगा, वहीं होली 29 मार्च को मनाई जाएगी। सरकार ने "डोलायात्रा" उत्सव के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य में होली का त्यौहार सार्वजनिक रूप से मनाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान कोविड प्रोटोकॉल के सख्त पालन के साथ सामान्य रूप से जारी रहेंगे।


सरकार ने कहा कि डोला महोत्सव में कम लोगों की मौजूदगी और सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए अनुमति दी जा सकती है। बयान में आगे कहा गया, 28 और 29 तारीख को होली और उनके संबंधित अनुष्ठान पूरे राज्य में सार्वजनिक स्थानों पर नहीं किए जा सकते हैं।




