
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार की देर रात अचानक जोरदार धमाका होने से वहां के छात्र, शिक्षक व स्टाफ दहशत में आ गए।

बताया जाता है कि रात करीब 1.30 बजे सभी लोग सो रहे थे। इस दौरान अचानक एक के बाद एक चार जोरदार धमाके हुए। इसके कारण सभी लोग दहशत में आ गए। लोग बाहर निकलकर देखने लगे। पता चला कि छत पर कुछ लोग मौजूद हैं और आवाज भी वहीं से आया है। उसके बाद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए घेरकर धमाका कर रहे लोगों को पकड़ा। यहां का नजारा देखकर सभी लोग हैरान रह गए।

क्योंकि धमाका करने वालों में स्कूल के ही दो छात्र शामिल थे। तीन किशोर को पकड़ लिया गया वहीं एक अन्य वहां से भाग निकला। बाद में सभी को रिखिया थाना की पुलिस के हवाले कर दिया गया। पकड़े गए किशोर में एक रिखिया, एक मोहनपुर और एक करौं थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
इनमें से दो किशोर के बारे में बताया कि वे इसी स्कूल के नवमी कक्षा में पढ़ते हैं। पिछले दिनों स्कूल से एक दल भाषा प्रशिक्षण के लिए ओडिशा गया था। वहां ये दोनों अपने साथ मोबाइल लेकर गए थे। इस कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया था। इस कारण दोनों काफी आक्रोश में थे। वे लोग स्कूल प्रबंधन को मजा सिखाना चाहते थे। इसी के तहत इन लोगों ने योजना बनायी और दोनों छात्र अपने दो अन्य साथी के साथ भवन के पीछे के रास्ते से छत पर चढ़ गए। उसके बाद बडे-बड़े और जोरदार आवाज वाले पटाखों को लाकर उसे फोड़ा। रात के वक्त इस सुनसान इलाके में धमाकों की आवाज ऐसे गूंजी मानो बम फट रहा हो।
कुछ और पटाखा भी बरामद किया गया है। पुलिस ने तीनों से इस बारे में पूछताछ की है। हालांकि न तो पुलिस और न ही स्कूल प्रबंधन इस बारे में कुछ बता रहे है। स्कूल की प्राचार्या से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं पुलिस को पकड़े गए छात्रों के अभिभावकों के थाना पहुंचने का इंतजार है।


