नई दिल्ली।
मशहूर भजन गायक नरेंद्र चंचल (Narendra Chanchal) का राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में शुक्रवार को निधन हो गया। वह 80 साल के थे। इलाज के दौरान दिल्ली के अपोलो अस्पताल (Apollo Hospital) में उन्होंने आखिरी सांस ली।
चंचल के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने दुःख जताया। पीएम ने ट्वीट में लिखा, 'लोकप्रिय भजन गायक नरेंद्र चंचल जी के निधन के समाचार से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने भजन गायन की दुनिया में अपनी ओजपूर्ण आवाज से विशिष्ट पहचान बनाई। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम् शांति!'
बता दें कि फिल्मों में बीच-बीच में गाते चंचल ने जैसे माता की भेंटों में अपना संसार ढूंढ लिया। इससे उन्हें बेशुमार इज्जत और शोहरत मिली। उन्होंने हिंदी, पंजाबी, राजस्थानी सहित कई फिल्मों में भी प्रसिद्ध भजन गाए हैं। उन्होंने न केवल शास्त्रीय संगीत बल्कि लोक संगीत भी गाकर लोगों का दिल जीता था।
पीएम मोदी के अलावा संगीत सितारों और अन्य हस्तियों ने भी सोशल मीडिया पर नरेंद्र चंचल को श्रद्धांजलि दी है। बाॅलीवुड सिंगर और म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी,मशहूर सिंगर दिलेर मेहंदी ने भी चंचल के निधन पर ट्वीट कर शोक जताया।
साथ ही लता मंगेशकर ने भी चंचल के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'मुझे अभी पता चला की बहुत गुणी गायक, मातारानी के भक्त नरेंद्र चंचल जी का आज स्वर्गवास हुआ। ये सुनके मुझे बहुत दुख हुआ। वो बहुत अच्छे इंसान थे, ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। मैं उनको विनम्र श्रद्धांजली अर्पण करती हूँ।'