

रांची।

झारखंड की दो सीटों दुमका और बेरमो में हुए उप चुनाव के परिणाम का इंतजार अब खत्म होने वाला है। दोनों सीटों पर तीन नवंबर को पड़े वोटों की काउंटिंग कल यानि 10 नवंबर मंगलवार को होगी। इसे लेकर प्रत्याशियों के साथ-साथ कई बड़े नेताओं की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।

दुमका और बेरमो विधानसभा सीट के उपचुनाव की वोटों की गिनती मंगलवार को सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगी। काउंटिंग की तैयारी पूरी कर ली गई है। दोनों ही जगह बनाए गए मतगणना स्थल पर सुबह 6 बजे से ही मतगणना कर्मियों का प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा। दुमका में 18 तो बेरमो में 17 राउंड की गिनती होनी है। कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर जारी गाइडलाइन के तहत आवश्यक सुरक्षा के बीच मतों की गणना होगी।

दोनों ही सीटों पर सीधा मुकाबला है। दुमका में भाजपा व झामुमो जबकि बेरमो में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है। दुमका में झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन पर जीत का सेहरा सजेगा या भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री लुईस मरांडी वापसी करेंगी, कल सारे कयास खत्म हो जाएंगे। स्थिति पूर्णत: स्पष्ट हो जाएगी। बेरमो में भी कांग्रेस प्रत्याशी अनूप सिंह व भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल के समर्थक जीत के दावे कर रहे हैं।
कोरोना काल में झारखंड की दो सीटों पर उपचुनाव में 2019 के चुनाव के मुकाबले वोट प्रतिशत थोड़ा कम रहा, पर मतदाताओं में उत्साह ज्यादा देखा गया था। दुमका में इस बार 65.27 और बेरमो में 60.20 प्रतिशत मतदान हुआ। मंगलवार को दुमका में 12 तथा बेरमो में 16 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा सीट छोडऩे के बाद दुमका में चुनाव हुआ था। हेमंत 2019 में दुमका और बरहेट दोनों सीटों से चुनाव जीते थे। उन्हें एक सीट छोड़ना था। ऐसे में उन्होंने दुमका से त्यागपत्र दिया। इसकी वजह से दुमका सीट खाली हो गई और वहां उपचुनाव हुआ। उधर बेरमो में पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन से बेरमो सीट रिक्त हुई थी। इसकी वजह से वहां पर उपचुनाव हुआ।



