रांची।
झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सोमवार को शिक्षा मंत्री की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है.मंत्री ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.
शिक्षा मंत्री को इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआत में उन्हें सांस संबंधी समस्या को लेकर आईसीयू में भर्ती कराया गया था, बाद में उन्हें कोविड वार्ड में ट्रान्सफर कर दिया गया।
मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘प्रिय साथियों, कोरोना जाँच की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है और इसके इलाज के लिये मैं रिम्स में भर्ती हुआ हूँ।’’ महतो ने आगे लिखा है, ‘‘पिछले दिनों जो भी साथी एवं परिचित मेरे संपर्क में आए थे, उनसे अपील है कि वे सब अपना कोरोना जाँच अवश्य करवा लें।’’
इससे पहले आज ही सुबह अपने पहले ट्वीट में जगरनाथ महतो ने कहा था, ‘‘प्रिय साथियों, विगत कुछ दिनों की व्यस्तता के कारण,थोड़ा अस्वस्थ हूँ। उपचार के लिये रिम्स जा रहा हूँ। इसके वजह से आज के सभी कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी को हुई असुविधा के लिए खेद है।’’
जानकारी के मुताबिक मंत्री की हालत अभी स्थिर है। डॉक्टर लगातार उनका चेकअप कर रहे हैं।