गिरिडीह।

गिरिडीह पुलिस ने अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का उद्भेदन अपनी सूझबूझ से कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार डीएसपी मुख्यालय प्रथम नवीन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में नगर थाना प्रभारी विनय कुमार राम के नेतृत्व में मंगलवार को शहरी क्षेत्र में दबिश दी गई। बताया गया कि गुप्त सूचना के आलोक में शहरी क्षेत्र में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया जिसमें अंतरजिला वाहन चोर गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने दबोच लिया।


असल में संदेह के आधार पर पुलिस ने जामताड़ा जिले के करमाटांड के रहने वाले शाहिद अंसारी एवं मुशर्रफ अंसारी को अपनी गिरफ्त में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि दोनों बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं और चोरी की बाइक को खपाने के लिए ही कहीं जा रहे थे। इन दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की हुई कुल 4 बाइक को बरामद कर लिया।
इस बावत नगर थाना में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर डीएसपी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की हुई 3 बाइक गिरिडीह की है। जबकि एक बाइक को इन्होंने धनबाद से टपाया है। उन्होंने कहा कि पूछताछ में बाइक चोरों ने अपने कई साथियों का नाम भी बताया है। जल्द ही उनके गिरफ्तारी का भी अभियान शुरू किया जाएगा।
इस प्रेस वार्ता में नगर थाना प्रभारी विनय कुमार राम, सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार सिंह,एसके राम, जय कुमार सिंह, रघुवंश नारायण, टाइगर मोबाइल के जवान राजेश सिंह ,राकेश सिंह समेत अन्य कई अभियान दल के सदस्य मौजूद रहे।


