रांची/खूंटी:
खूंटी के अनिगड़ा में पत्थलगड़ी समर्थकों और पुलिस के बीच जमकर झड़प हुई। इस दौरान पुलिस ने पत्थलगड़ी समर्थकों पर जम कर लाठियां भांजी। वहीं पत्थलगड़ी समर्थकों ने भी पुलिस पर तीर और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में कई पुलिस के जवान घायल हुए है।
खूंटी एसपी को सूचना मिली थी कि खूंटी के अनिगड़ा में पत्थलगड़ी का कार्यक्रम होने वाला है। इसी सूचना पर एसपी पत्थलगड़ी को रोकने के लिए 200 से अधिक जवानों को लेकर अनिगड़ा गांव पहुंचे। एसपी ने ग्रामीणों को शांतिपूर्ण तरीके से समझाते हुए कहा कि सभी अपने-अपने गांव लौट जाएं और पत्थरगड़ी का जो कार्यक्रम है उसे रद्द कर दें।
इस दौरान मौके पर मौजूद सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस को चारों तरफ से घेर कर बंधक बनाने की कोशिश करने लगे। ग्रामीणों को अपनी तरफ आते देख उन्हें वापस लौट जाने की हिदायत दी गई, लेकिन ग्रामीण लगातार पुलिस के तरफ बढ़े चले आ रहे थे। भीड़ से कुछ लोगों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस के जवानों ने भी मोर्चा संभाला और भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। देखते ही देखते अनिगड़ा युद्ध का मैदान बन गया। इस झड़प में कुछ ग्रामीण घायल हुए है,जबकि कई पुलिसवालों को चोटें आई है।
लाठीचार्ज के बावजूद ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस को पीछे हटना पड़ा। ग्रामीणों की बढ़ती संख्या की वजह से पुलिस को गांव छोड़कर निकलना पड़ा।