
Mumbai : मुंबई के भायखला इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मोहर्रम के जुलूस के दौरान लोगों के बीच संदिग्ध टैबलेट वितरित करने के आरोप में एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना शुक्रवार को रे रोड स्थित भायखला क्षेत्र में आयोजित अशूरा के जुलूस के दौरान हुई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी बिना किसी चिकित्सकीय पर्ची के लोगों के बीच कैप्सूल और टैबलेट बांट रहा था। मामले का खुलासा तब हुआ, जब टैबलेट का सेवन करने वाले एक व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

मुंबई पुलिस के मुताबिक टैबलेट खाने के बाद संबंधित व्यक्ति को उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई। सूचना मिलते ही भायखला पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि वह जो टैबलेट बांट रहा था, वे सामान्य दर्द निवारक (पेनकिलर) दवाएं थीं, हालांकि पुलिस ने इस दावे को अंतिम रूप से स्वीकार नहीं किया है और टैबलेट की वास्तविक प्रकृति की जांच कराई जा रही है।
मुंबई पुलिस ने बताया कि भायखला पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते टैबलेट का आगे वितरण रोक दिया गया, जिससे किसी बड़ी अप्रिय घटना की संभावना टल गई। जिस व्यक्ति की तबीयत खराब हुई थी, उसे तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर भायखला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह टैबलेट कहां से लाया था और उन्हें लोगों के बीच किस उद्देश्य से बांट रहा था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की आपराधिक मंशा या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। (IANS)


