
Mumbai: पुणे जिले में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. किरीट सोमैया(Dr. Kirit Somaiya, State Vice President of Bharatiya Janata Party in Pune district) पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। घायलावस्था में किरीट सोमैया को पुणे के संचेती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बताया कि शिवसेना की संस्कृति हमला कर दहशत फैलाने की रही है। भाजपा की यह संस्कृति नहीं है, भाजपा इस हमले का कानूनी तरीके से जवाब देगी।

किरीट सोमैया आज दिन में चार बजे पुणे नगर निगम में कोरोना कालखंड में हुए 100 करोड़ रुपये घोटाला मामले की जांच की मांग करने के लिए गए थे। किरीट सोमैया ने शिवसेना प्रवक्ता के नजदीकी सुजीत पाटकर को गलत तरीके से कोरोना कालखंड में कांट्रैक्ट दिए जाने का आरोप लगाया था। किरीट सोमैया के आने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता पुणे नगर निगम कार्यालय में इकट्ठा हो गए थे। किरीट के पुणे नगर निगम कार्यालय में पहुंचते ही शिवसेना कार्यकर्ताओं ने किरीट को घेर लिया और उनसे पुणे नगर निगम में हुए अन्य घोटालों की जांच का मुद्दा उठाने की मांग करने लगे।

इसी दौरान कुछ शिवसेना कार्यकर्ताओं ने किरीट सोमैया के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने किरीट की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की और किरीट पर हमला भी किया। इस दौरान किरीट सोमैया सीढ़ियों से नीचे गिर गए। पुलिस ने तत्काल किरीट को ले जाकर संचेती अस्पताल में भर्ती करवाया। किरीट सोमैया ने पत्रकारों ने बताया कि वे इस हमले की शिकायत शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में करवाएंगे।



