Rewa: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार ने नौ वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक किया है। मोदी सरकार ने बीते इन वर्षों में बड़े-बड़े काम किए हैं। देश की जनता की सेवा की है, देश को सुरक्षित बनाया है, देश में सुशासन स्थापित किया है और गरीबों के कल्याण का काम किया है। मोदी सरकार विकास के साथ देश की विरासत को संजोने का प्रयास भी मोदी सरकार कर रही है। इससे काशी विश्वनाथ, सोमनाथ, केदारनाथ, भगवान महाकाल आदि मंदिर विश्व पटल पर उभार कर लोगों के सामने आए हैं। मोदी सरकार देश को फिर से विश्वगुरु बनाने के रास्ते पर आगे बढ़ा रही है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने मोदी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी के साथ रीवा के राजनिवास में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा अन्य कोई दल अपनी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत नहीं करता। वे सिर्फ भाषणबाजी और चुनावी जोड़-तोड़ तक सीमित रहते हैं, लेकिन भाजपा हर साल अपनी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने प्रस्तुत करती है।
सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती भाजपा
उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता के लिए राजनीति नहीं करती, बल्कि सत्ता उसके लिए सेवा का माध्यम है। पार्टी ’सेवा ही संगठन’ की भावना से हमेशा जरूरतमंदों की सेवा करती है। दुनिया के लोग इस महामारी में भारत के बर्बाद हो जाने की आशंका जता रहे थे, लेकिन इस कठिन समय में मोदी सरकार ने देश की सेवा की।
गरीब कल्याण और देश की सुरक्षा सरकार के लक्ष्य
मरांडी ने कहा कि बीते नौ साल में मोदी सरकार ने गरीब कल्याण और देश को सुरक्षित बनाने के लिए अनेक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मोदी सरकार ने करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए हैं। ग्रामीण बहनों को उज्ज्वला योजना में गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। कृषि और किसानों की बेहतरी के लिए संसाधन उपलब्ध कराए हैं। आतंकियों की नकेल कसी। अब सेनाओं को शक्तिशाली बनाने के लिए देश में ही हथियारों, फाइटर प्लेन आदि का निर्माण किया जा रहा है।
तेजी से विकसित हो रहा भारत
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बीते 9 साल में जिस तरह देश विकास के रास्ते पर बढ़ा है, वह मोदी सरकार ही कर सकती है। देश में बहुआयामी विकास हुआ और भारत तेजी से विकसित देश बनने की ओर बढ़ रहा है। देश में नए एयरपोर्ट बनाए गए, हजारों किलोमीटर सड़कें और एक्सप्रेस वे बनाए गए, वंदे भारत ट्रेनें चलाकर सफर को सुगम व सुविधाजनक बनाया। मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में नए एम्स और मेडिकल कालेज खोले गये हैं। अब हर जिले में एक मेडिकल कालेज खोले जाने की योजना पर काम हो रहा है। दुर्गम क्षेत्र कुल्लु मनाली, उत्तराखण्ड तक में सड़कें व एयर बेस भी बनाये जा रहे हैं। देश में डिजिटल क्रांति भी मोदी सरकार के कार्यकाल में ही संभव हुई है।