
Deoghar: देवघर नगर निगम के पूर्व नगर आयुक्त आंबेडकर चौक निवासी अशोक कुमार सिंह ने नगर थाना में ठगी करने का मामला दर्ज कराया है। दर्ज मामले में बिहार प्रांत के मधुबनी जिला अंतर्गत पुलिस लाइन चौक निवासी हेमंत कुमार चौधरी व उनकी पत्नी को आरोपित बनाया है।

घटना के बावत पूर्व नगर आयुक्त ने बताया कि आरोपित के लिफ्ट लगाने को लेकर करार हुआ था। आरोपित ने लिफ्ट लगाने के नाम पर अग्रिम राशि के रूप में 2.90 लाख रुपये ले लिया। वहीं लिफ्ट लगाने की जगह केवल लोहे का चौखट लगाकर चला गया। इसके बाद उसे कई बार फोन पर संपर्क भी स्थापित करने का प्रयास किया गया।

एक-दो बार फोन पर बात हुई। हर बार लगा देने की बात कहता रहा लेकिन काम नहीं किया। बाद में उससे जब फोन पर संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया तो काल रिसिव नहीं कर रहा है। बार-बार टाल मटोल किए जाने से पूर्व नगर आयुक्त ने खुद को ठगा हुआ महसूस किया।
इसके बाद मामले को लेकर नगर थाना में शिकायत दर्ज कराया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।



