
बिजावर/छतरपुर: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के विजावर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुआझाला में रविवार सुबह करंट लगने से छह लोगों की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 8 बजे टैंक की सफाई के लिए घर का एक सदस्य उसमें उतरा तो उसे करंट लग गया। उसे बचाने के लिए घर का दूसरा सदस्य और फिर एक-एक करके अन्य पांच लोग उसे बचाने के लिए टैंक में उतर गए और सभी करंट की चपेट में आ गए। इस प्रकार करंट लगने से परिवार को छः लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टैंक में पानी निकालने के लिए लाइट की व्यवस्था की गई थी। इसी से टैंक में करंट फैल गया और यह घटना हो गई।

मरने वालों के नाम लक्षमण अहिरवार (55) पुत्र रमुआ, शंकर अहिरवार (35) पुत्र हल्ली अहिरवार, मिलन अहिरवार (25) पुत्र हल्लू, नरेंद्र (20) पुत्र जगन अहिरवार, रामप्रसाद (30) पुत्र हल्ली अहिरवार और विजय (20) पुत्र जगन अहिरवार बताये गये हैं।
घटना की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डायल हंड्रेड की मदद से मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


