
Mumbai: पुणे जिले के नवले पुल पर रविवार रात करीब 10 बजे से सोमवार सुबह तक एक के बाद एक तीन हादसों में 48 वाहन आपस में टकरा गए। इन हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 11 लोग घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने हादसों की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कर इसकी रिपोर्ट तत्काल राज्य सरकार को सौंपने को कहा गया है।

जानकारी के अनुसार पुणे के नेवले पुल पर रविवार रात एक तेल से भरे कंटेनर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। कंटेनर की टक्कर से 30 कारें आपस में टकरा गईं और करीब 6 लोग घायल हो गए थे।

हादसे में कंटेनर में दरार आने से तेल बहने लगा। इससे नवले पुल पर दूर तक तेल फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंटेनर को साइड में कर ट्रैफिक जाम कम करने का प्रयास किया।
इसके बाद पुल पर फैले तेल की वजह दो और हादसे हो गए। दोनों हादसों में 18 गाड़ियां आपस में टकरा गई और 5 लोग घायल हुए। एक दुपहिया चालक की मौत हो गई।
सभी घायलों का इलाज पुणे के शासकीय अस्पताल में हो रहा है। अस्पताल में एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार सुबह मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए।


