
भोपाल: कोरोना संक्रमण से मौत के बाद राजधानी में मृत शरीर से जेवरात चोरी का मामला सामने आया है। अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों को इसके बारे में पता चला। इसकी शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।

बता दें कि राजधानी में ये दूसरा मामला है। पहले जेके अस्पताल में महिला की मौत के बाद उसके जेवरात चोरी हो गए थे। अब उसी तरह से अवधपुरी में महिला की मौत के बाद किसी ने उनके कान के झुमके और नाक से लोंग किसी ने चोरी कर ली।

अवधपुरी थाना पुलिस के अनुसार अवधपुरी निवासी 41 साल के आनंद सक्सेना बीमा कंपनी में काम करते हैं। एक मई को उनकी मां कोरोना संक्रमित हो गई थी। उन्हें परिजनों ने एसओएस बालग्राम के पास स्थित वैष्णवी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां दो मई को उनकी मौत हो गई थी। परिजन उनके शव को कोरोना गाइडलाइन के अनुसार खजूरी श्मशान घाट में अंतिम संस्कार करने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उनकी मां के कान के झुमके और नाक की लोंग गायब है। उन्होंने उसके बाद 15 मई को इस पूरे मामले की शिकायत अवधपुरी थाने में की थी। बाद में पुलिस ने इस मामले में अपनी जांच शुरू की।
पहले भी हो चुकी है चोरी
इससे पहले कोलार के जेके अस्पताल में भी कोरोना संक्रमित मरीज नेहरू नगर निवासी अल्पना जोशी की मौत के बाद जेवरात चोरी का मामला सामने आया था। कोलार थाना पुलिस ने मृतक परिवार की चोरी की एफआइआर दर्ज करने से मना कर दिया था। जब पीड़ित बेटे ने सीएम हेल्पलाइन में पूरे मामले की शिकायत की थी, तब जाकर पुलिस ने केस दर्ज किया था।
दोनों ही मामले का पुलिस उद्भेदन नहीं कर पाई है।


