
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रढ़िया गांव के पास चांदन नदी से बालू में दफ़न महिला का शव बरामदगी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जांच में सामने आया है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, इसके बाद उसकी हत्या कर शव को बालू में दबा दिया गया था।

देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रढ़िया गांव निवासी राबड़ी देवी, श्रवण राउत और राहुल कुमार शामिल हैं। पुलिस जांच में पता चला कि राबड़ी देवी और श्रवण राउत के बीच संबंध थे, जिसकी जानकारी मृतका को हो गई थी। मृतका ने इस बात की चर्चा कुछ लोगों के बीच कर दी थी। इसी कारण आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
शौच के बहाने नदी किनारे ले जाकर दिया घटना को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 16 मई को राबड़ी देवी मृतका को शौच के बहाने अपने साथ नदी किनारे ले गई। वहां पहले से श्रवण राउत और राहुल कुमार मौजूद थे। आरोप है कि श्रवण ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद श्रवण और राहुल ने शव को नदी के पानी में फेंक दिया। फिर, अगले दिन शव पानी के ऊपर आ गया। इसके बाद 17 मई को दोनों आरोपियों ने शव को वहां से हटाकर बालू के नीचे दबा दिया ताकि घटना का खुलासा न हो सके।
विशेष टीम के गठन के बाद खुला राज
महिला के लापता होने की सूचना परिजनों द्वारा थाना में दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की। 18 मई को पुलिस ने चांदन नदी किनारे बालू में दबा शव बरामद किया था। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया था।
जेल भेजे गए तीनों आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल किया गया कुदाल भी नदी किनारे झाड़ी से बरामद किया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
एसडीपीओ ने बताया कि मृतका की मानसिक स्थिति भी पूरी तरह सामान्य नहीं थी। छापेमारी दल में रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई अनिल कुमार, मो. शकील अहमद, नगर थाना के एसआई सूरज कुमार, तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी एवं अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।


