Deoghar/Ranchi : लंदन में निधन हुए देवघर निवासी कुंदन राव का पार्थिव शरीर शनिवार को रांची पहुंच गया। लंदन से पार्थिव शरीर को पहले दिल्ली लाया गया। इसके बाद दिल्ली से कार्गो विमान सेवा के माध्यम से रांची पहुंचाया गया। रांची में कुंदन राव के भाई चंदन राव, उनके चचेरे भाई व पूर्व जिला परिषद सदस्य बिरजू राउत तथा भाजपा नेता विष्णु राउत ने पार्थिव शरीर को रिसीव किया। इसके बाद ताबूत में रखे कुंदन के पार्थिव शरीर को लेकर परिजन देवघर के लिए रवाना हो गये।
भाई का पार्थिव शरीर देख फफक पड़े चंदन

भाई का पार्थिव शरीर सामने आते ही चंदन राव अपने आंसू नहीं रोक सके और फूट-फूटकर रो पड़े। इस दुख की घड़ी में उन्होंने गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के प्रति आभार जताया। चंदन ने कहा कि उनके भाई का पार्थिव शरीर भारत लाने में सांसद ने अभिभावक की भूमिका निभायी। उन्होंने कहा कि सांसद डॉ. निशिकांत दुबे को केवल एक बार मामले की जानकारी दी गयी थी, लेकिन उन्होंने इसे गंभीरता से लिया। इसके बाद हर दिन पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग की और भाई का पार्थिव शरीर घर तक लाने में मदद की। उन्होंने कहा कि सांसद का यह एहसान उनका पूरा परिवार कभी नहीं भूल पायेगा।
मुश्किल समय में MP निशिकांत से मिला संबल

चंदन राव ने कहा कि विदेश में भाई के निधन के बाद परिवार बेहद कठिन परिस्थिति से गुजर रहा था। ऐसे समय में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने जिस तरह पहल की और लगातार सहयोग दिया, उससे परिवार को काफी संबल मिला। उन्होंने सांसद के प्रति आभार जताते हुए कहा कि परिवार उनके इस सहयोग को हमेशा याद रखेगा।
राउत समाज भी नहीं भूलेगा MP का सहयोग
पूर्व जिला परिषद सदस्य बिरजू राउत ने कहा कि गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे हमेशा देवघरवासियों के हर दुख-दर्द में साथ खड़े रहते हैं। कुंदन राव का पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए उन्होंने अभिभावक की तरह पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।
बिरजू राउत ने कहा कि लंदन में चल रही प्रक्रिया की जानकारी सांसद फोन और मैसेज के माध्यम से हर दिन परिजनों को देते रहे।
परिवार को पूरा भरोसा था कि सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के प्रयास से ही यह काम संभव हो पायेगा और वे उनकी उम्मीदों पर खरे उतरे। उन्होंने कहा कि सांसद के इस सहयोग को कुंदन का पूरा परिवार और राउत समाज कभी नहीं भूलेगा।



