देवघर: देवघर नगर निगम के वार्ड नंबर 19 के निवर्तमान पार्षद गुलाब मिश्र पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य की तलाश जारी है।
नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि बुधवार को 20-25 युवकों द्वारा नगर थाना क्षेत्र के जलसार रोड में निवर्तमान वार्ड पार्षद गुलाब मिश्र पर जानलेवा हमला कर लाठी-डंडे से मार कर उन्हें जख्मी कर दिया गया था। मामले में गुलाब मिश्र के बयान पर उत्तम राउत, सागर राउत, अक्षय झा के पुत्र व मंटे राउत सहित 15-20 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जिसके बाद से ही पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। उसी क्रम में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। साथ ही यह बताया है कि उत्तम राउत उर्फ पप्पू राउत व उसके भतीजे सागर राउत के कहने पर 15-20 लड़कों द्वारा गुलाब मिश्र के साथ मारपीट की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में मंटे राउत उर्फ टुनटुन उर्फ अमर राउत व आकाश कुमार शामिल है।
पुलिस द्वारा घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में संलिप्त सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि बुधवार को नगर थाना क्षेत्र के जलसार रोड होटल विंध्यवासिनी के पास देवघर नगर निगम के वार्ड नंबर 19 के पूर्व पार्षद गुलाब मिश्र पर जानलेवा हमला किया गया था। जिसमें वो घायल हो गए थे। गुलाब मिश्र का कहना है कि उनकी लोकप्रियता को देख उनपर इस तरह का हमला किया गया था।
Also Read: