Deoghar News : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के ताराबाद गांव में गाली-गलौज का विरोध करने पर टंगली से माथे पर वार कर युवक को घायल करने का मामला सामने आया है। घटना 7 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे की बतायी गयी है। मामले को लेकर ताराबाद निवासी रोहित दास ने रिखिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में रोहित दास ने बताया है कि रात करीब नौ बजे मुकेश दास ग्राम गौराडीह थाना जसीडीह और उसका बड़ा भाई चंदन दास ग्राम ताराबाद, थाना रिखिया, गाली-गलौज करते हुए उसके घर पहुंचे। इस पर उसने गाली-गलौज करने का कारण पूछा। रोहित के अनुसार, उसने दोनों से कहा कि वे लोग मुकेश के बारे में गलत नहीं बोल रहे हैं।

मुकेश साइबर का काम करता है और पुलिस से छिपने के लिए यहां रहता है। इसके कारण एक दिन उन लोगों की बदनामी हो सकती है, इसलिए मुकेश दास को यहां से भेजने की बात कही।
दर्ज मामले के अनुसार इतना कहते ही उसके बड़े भाई चंदन दास ने उसे पकड़ लिया, जबकि मुकेश दास घर से टंगली निकाल लाया और उसके माथे पर वार कर दिया। इससे माथे में चोट लग गयी और काफी खून बहने लगा। घायल होकर रोहित माथा पकड़कर बैठ गया। इसी दौरान उसे बचाने पहुंचे उसके पिता विरेन दास के साथ भी मारपीट करने का आरोप है।
भाई को कमरे में बंद कर पीटने का आरोप
रोहित ने मामले में कहा है कि हल्ला सुनकर उसका मंझला भाई रोबिन दास वहां पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने रोबिन को पकड़कर घर के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। रोबिन के पेट में गुस्से में मारने से अंदरूनी चोट लगने की बात भी शिकायत में कही गयी है। रोहित दास ने पुलिस से मामले की छानबीन कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।



