Deoghar : रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव में पंचायती के दौरान एक महिला, उसके पति व दो बेटों के साथ मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर तुली देवी, उम्र करीब 30 वर्ष, पति सत्यनारायण ठाकुर, निवासी रढ़िया ने रिखिया थाना में मामला दर्ज कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है।

मामले में तुली देवी ने बताया है कि 7 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे उसके गोतिया कमल ठाकुर के साथ उसके पति का विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर मुखिया द्वारा गांव के बाहर बथान पर पंचायती के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था। पंचायती में तुली देवी, उसके पति, दोनों बेटे समेत मुखिया मुकेश कुमार यादव, वार्ड पार्षद दुर्गा सिंह और करीब 20-25 ग्रामीण मौजूद थे।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पंचायती के दौरान तुली देवी और कमल ठाकुर की पत्नी करमी देवी के बीच कहासुनी होने लगी। इसी दौरान रढ़िया गांव निवासी संजय सिंह, उम्र करीब 35 वर्ष, पिता दुर्गा सिंह ने तुली देवी के पति के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इस पर उसका 16 वर्षीय बेटा लव कुमार ठाकुर बोलने लगा।
आरोप है कि संजय सिंह ने लव कुमार के सिर के बाल पकड़कर उसे झुका दिया और पंचों के सामने घुसा-मुक्का से मारपीट करने लगा। तुली देवी का आरोप है कि जब वह अपने बेटे को बचाने गई तो उसके साथ भी मारपीट की गई। वहीं, उसके छोटे बेटे कुश कुमार ठाकुर के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि मारपीट के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी कि ‘‘तुमको जहां जाना है जाओ, तुम लोगों को 24 घंटा के अंदर उठा लेंगे।’’ महिला ने मामले में कहा है कि यह धमकी पंचायती में मौजूद सभी लोगों के सामने दी गई। उसने रिखिया थाना प्रभारी से मामले की छानबीन कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



