
Deoghar : देवघर सदर अस्पताल देवघर के आईसीयू वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के पांच मोबाइल चोरी करने के मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। घटना छह सितंबर की रात की बतायी गयी है। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ने के साथ चोरी के मोबाइल और उसकी स्कूटी भी जब्त की है। मामले में नगर थाना देवघर में प्राथमिकी संख्या 350/26 दर्ज की गयी है।
प्राथमिकी के अनुसार, कुंडा थाना क्षेत्र के गौरीपुर निवासी रजनीकांत मंडल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी डिलीवरी ऑपरेशन के लिए सदर अस्पताल के ICU वार्ड में भर्ती थीं। छह सितंबर की रात खाना खाने के बाद वह तथा वार्ड में भर्ती अन्य मरीज और उनके परिजन सो गये थे। देर रात नींद खुलने पर उन्होंने अपना मोबाइल गायब पाया।

उनकी पत्नी का मोबाइल और देखरेख के लिए आयी पूजा कुमारी का मोबाइल भी नहीं था। इसके बाद आसपास के अन्य लोगों के जागने पर पता चला कि डुमरकोला, थाना चांदन, जिला बांका निवासी प्रविण तांती और सलौनाटांड, थाना नगर, जिला देवघर निवासी अविनाश शेखर झा का मोबाइल भी गायब है। इसके बाद सभी लोग मोबाइल की तलाश करने लगे।
पीछा कर 112 पर दी सूचना
इसी दौरान एक युवक वहां आया और लोगों को देखकर भागने लगा। लोगों ने उसका पीछा किया और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले युवक ने चोरी किये गये चार मोबाइल वापस कर दिये, लेकिन एक मोबाइल के संबंध में वह जानकारी नहीं दे रहा था।
पुलिस के पहुंचने पर युवक ने अपना नाम आकाश गुप्ता, छतिसी, थाना नगर, जिला देवघर बताया। पूछताछ के दौरान वह अपनी स्कूटी के पास गया। स्कूटी की डिक्की खोलने पर उसमें रजनीकांत मंडल का मोबाइल बरामद हुआ।
पुलिस ने मोबाइल और स्कूटी संख्या जेएच 15 एएम 0137 जब्त कर युवक को थाना लाया। मामले में शिकायतकर्ता रजनीकांत मंडल के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



