
Deoghar : नेपाल के बारा जिला से बाबा धाम कांवड़ यात्रा पर आए करीब 60 वर्षीय श्रद्धालु की शनिवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान जग्गू राय यादव, निवासी देवताल गांव, जिला बारा, नेपाल के रूप में हुई है।

तबीयत खराब होने के बाद उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में मृतक के परिजन राजेश्वर प्रसाद यादव ने बताया कि वे लोग नेपाल के बारा जिला स्थित देवताल गांव से बाबा धाम कांवड़ यात्रा के लिए आए थे।

उनके साथ कुल 12 लोग थे। शनिवार सुबह सभी लोगों ने बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की। इसके बाद शाम को खाना खाकर सभी लोग अपने डेरे पर सो गए। इसी दौरान अचानक जग्गू राय यादव की तबीयत खराब हो गई।
उनकी स्थिति बिगड़ने पर साथ आए लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी अस्पताल प्रबंधन की ओर से बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस को दे दी गई है। घटना के बाद मृतक के साथ आए परिजनों एवं अन्य श्रद्धालुओं में शोक का माहौल है।



