
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के आमगाछी स्थित इंडस टावर में आग लगाकर क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर इंडस टावर लिमिटेड में कार्यरत सुनील कुमार ने रिखिया थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सुनील कुमार थाना कटकमदाग, जिला हजारीबाग के स्थायी निवासी ने कहा है कि वर्तमान में इंडस टावर लिमिटेड कंपनी में सारवां, देवघर में 25 जून 2026 से कार्यरत हैं। उन्होंने कहा है कि 8 अगस्त की रात करीब 12:25 बजे आमगाछी टावर के जमीन मालिक अनिल वर्मा ने फोन कर सूचना दी कि टावर में दो अज्ञात व्यक्तियों को आग लगाकर भागते हुए देखा गया है।

सूचना मिलने के बाद सुनील कुमार करीब एक बजे मौके पर पहुंचे। गांव के लोगों की मदद से टावर में लगी आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना 112 नंबर पर भी दी गयी।
शिकायत के अनुसार आग लगने से टावर में लगे सामान क्षतिग्रस्त हो गये। इनमें एक्साइड 600 एएच बैटरी बीबी-1, अनुमानित कीमत 1.60 लाख रुपये, अमराजा 600 एएच बैटरी बीबी-1, अनुमानित कीमत 1.60 लाख रुपये, डेल्टा आईपीएमएस 24 किलोवाट, अनुमानित कीमत एक लाख रुपये तथा पावर केबल्स, अनुमानित कीमत 30 हजार रुपये शामिल हैं।
क्षतिग्रस्त सामान की कुल अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये बतायी गयी है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।



