
Deoghar : बिहार के जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर धमनियां मोड़ के समीप रविवार देर रात करीब ढाई बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बासुकीनाथ धाम से दर्शन-पूजन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 16 श्रद्धालु घायल हो गए।

इनमें कई की स्थिति गंभीर बतायी गयी है। घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को पहले चकाई सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार को घटना में गंभीर रूप से घायल अभिजीत कुमार, रवि मेहता और गोलू सिंह को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

बताया गया कि सभी पीड़ित बिहार के औरंगाबाद जिले के अंबा, हसपुरा और दाउदनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। सभी बासुकीनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद पिकअप से राजगीर घूमने जा रहे थे। यात्रा के दौरान पिकअप में अधिक लोगों के बैठने की जगह बनाने के लिए बांस-बल्ली के सहारे दो मंजिला ढांचा तैयार किया गया था। इसी ढांचे पर कई श्रद्धालु सो रहे थे।
सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी से बिगड़ा संतुलन
अस्पताल में इलाजरत एक घायल के अनुसार, माधोपुर पेट्रोल पंप से डीजल भराने के बाद पिकअप आगे बढ़ी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक वाहन की तेज रोशनी चालक की आंखों पर पड़ी। इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और उसने गाड़ी को बायीं तरफ काट दिया। इसी दौरान पिकअप सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली का खंभा टूटकर पिकअप पर गिर गया और वाहन सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। पिकअप के ऊपर सो रहे श्रद्धालु नीचे गिरकर दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी।
पुलिस ने पहुंचकर शुरू किया राहत-बचाव कार्य
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची । पुलिस ने राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉ. सुशील कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर किया।
इन घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में धर्मेंद्र मेहता, उदय मेहता, अभिजीत कुमार और शशि कुमार गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। वहीं चंचल मेहता, सरिता कुमारी, राजा कुमार, राहुल कुमार, चंदन कुमार, हीरा पासवान, रविरंजन कुमार, सत्या कुमारी, गुड़िया कुमारी, धनंजय पासवान और सरिता देवी का इलाज जारी है।



