
New Delhi: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (British Prime Minister Boris Johnson) ने रूस पर युद्ध के लिए उत्सुक (Eager for war) होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह 1945 के बाद यूरोप के सबसे बड़े युद्ध की योजना बना रहा है। बीबीसी के साथ शनिवार को हुई बातचीत में ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने रूस पर यह आरोप लगाया। बोरिस जॉनसन इस वक्त जर्मनी के म्यूनिख में वैविश्क नेताओं की बैठक में हिस्सा लेने के लिए गये हुए हैं।

बोरिस जॉनसन ने कहा कि जो संकेत दिख रहे हैं, उनसे तो यही पता चलता है कि रूस ने योजना पर अमल करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि गोपनीय जानकारियों के अनुसार रूस हमला करके यूक्रेन की राजधानी कीव को घेरना चाहता है।

उन्होंने कहा, मुझे इस बात का भय है कि जिस प्रकार की योजना हमें दिख रही है, वह आकार के हिसाब से 1945 के बाद यूरोप के सबसे बड़े युद्ध की हो सकती है। लोगों को यह समझने की जरूरत है कि इस युद्ध से कितने लोगों की जान जायेगी।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने चेतावनी दी कि ब्रिटेन रूस के खिलाफ और सख्त प्रतिबंध लगा सकता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन और अमेरिका मिलकर रूस की कंपनियों को डॉलर और पाउंड में कारोबार करने से रोक देंगी और इसका काफी प्रभाव पड़ेगा।
अमेरिकी सरकार के ताजा आंकलन के मुताबिक यूक्रेन की सीमा से लगे रूस के इलाके और पड़ोसी बेलारूस में 1,69,000 से 1,90,000 सैनिक तैनात हैं। हालांकि, इस आंकड़े में पूर्वी यूक्रेन के विद्रोही भी शामिल हैं।
बोरिस जॉनसन के अनुसार रूस किसी भी वक्त यूक्रेन पर हमला कर सकता है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पश्चिमी देशों के प्रमुखों को यह बताया कि उन्हें मिलीं गोपनीय सूचनायें इस ओर इशारा करती हैं कि रूस सिर्फ डोनबास की ओर यूक्रेन में घुसने की योजना नहंी बना रहा बल्कि वह बेलारूस और कीव के आसपास से भी घुसने की योजना बना रहा है।(IANS)



