
Chakai/Deoghar : शनिवार रात दुमका से धान का भूसा लादकर लखीसराय जा रहा एक ट्रक चकाई-जमुई मुख्य मार्ग एनएच-333 स्थित दोबघाट पुल पर अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया गया कि ट्रक का स्टेयरिंग फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना में चालक समेत पांच लोग भूसा और ट्रक के मलबे के नीचे दब गए। घटना की सूचना मिलते ही चकाई और चंद्रमंडीह थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची।

मलबे और भूसे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए तत्काल जेसीबी मंगाई गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा और भूसा हटाकर सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद डायल-112 वाहन और एंबुलेंस से घायलों को चकाई रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान लखीसराय जिले के साम टोला निवासी चालक रामप्रवेश पासवान, कृष्ण पासवान, संजय पासवान, पप्पू पासवान, किशोर पासवान और मिंटू मंडल के रूप में हुई है। चकाई रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पप्पू पासवान और किशोर पासवान को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर किया गया।
देवघर सदर अस्पताल में किशोर ने तोड़ा दम
घटना में गंभीर रूप से घायल लखीसराय जिले के श्याम टोला निवासी किशोर कुमार पासवान को शनिवार देर रात इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां जांच के बाद ऑन ड्यूटी डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सदर अस्पताल स्थित बैद्यनाथ धाम ओपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
एक घंटे तक आवागमन रहा ठप
श्रावण मास के कारण इस मार्ग पर वाहनों का अत्यधिक दबाव था। दोबघाट पुल पर ट्रक पलटने के बाद एनएच-333 पर करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाए जाने के बाद आवागमन सामान्य कराया गया।



