
Deoghar: पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को नंदन पहाड़ रोड स्थित अंजुला मेंशन होटल के सभागार में देवघर प्रेस क्लब की आम सभा हुई. सर्वसम्मति से यह निर्णय हुआ कि देवघर प्रेस क्लब की नयी कार्यकारिणी का चुनाव कराया जाय.

चुनाव की घोषणा जल्द कर दी जायेगी. चुनाव संचालन की पूरी जिम्मेदारी तीन सदस्यीय समिति की होगी. आम सहमति से अवकाश प्राप्त प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अवकाश प्राप्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी और अवकाश प्राप्त सरकारी अधिवक्ता का नाम तय किया गया. सबसे सहमति भी ले ली गयी है.

इन तीन सदस्यीय मुख्य चुनाव संचालन समिति को चुनावी प्रक्रिया में सहयोग करने के लिये पांच सदस्यीय चुनाव संचालन समिति का भी सर्वसम्मति से गठन किया गया, जिसमें प्रो रामनंदन सिंह, अमित राजा, कमलेश तुलस्यान, डाॅ जयनारायण राय और अमरेंद्र कुमार हैं. प्रेस क्लब की कार्यकारिणी में अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, उप कोषाध्यक्ष व कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव होना है.
सबसे पुरानी संस्था है देवघर प्रेस क्लब
प्रोफेसर डाॅ जय नारायण राय की अध्यक्षता में देवघर प्रेस क्लब के आम सभा की बैठक हुई. डाॅ राय ने कहा कि देवघर प्रेस क्लब का तकरीबन 35 साल का स्वर्णिम इतिहास है. सबसे पुरानी संस्था है. सबने अपनी उपस्थिति से यह मुहर लगा दिया है कि इस क्लब को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है.
बैठक में जिलेभर के पत्रकारों ने भाग लिया. हिंदी दैनिक अखबार सहित विभिन्न इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया. संचालन कर रहे प्रो राम नंदन सिंह ने कहा कि देवघर प्रेस क्लब ही पत्रकारों की रक्षा एवं उनके हित में काम करती आयी है. कई उतार चढ़ाव देखे हैं, इसलिये संगठित होकर काम करना है.
दैनिक अखबार प्रभात खबर के संपादक कमल किशोर ने कहा कि देवघर प्रेस क्लब में पूर्व के पदाधिकारी सहित सदस्यों व वर्तमान में विभिन्न प्रतिष्ठानों के पत्रकार अपनी सदस्यता लेकर संगठन को मजबूत बनायें. आज इसकी जरूरत है. पूरी पारदर्शिता के साथ चुनाव होगा, जिसमें सभी नियम को ध्यान में रखा जायेगा. यह प्लेटफार्म सबके लिए खुला है.
इंडियन पंच के संपादक अमित राजा ने कहा कि देवघर प्रेस क्लब गठन कर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत किया जाना है और यह ध्यान रखना है कि पांचवां स्तंभ जो आमजन हैं. उनकी भी भावना जुड़ी रहे. श्वेत पत्र के संपादक कमलेश तुलस्यान ने कहा कि संगठन से ही सभी समस्याओं का समाधान होगा.
दैनिक जागरण के ब्यूरो प्रमुख आरसी सिन्हा ने कहा कि आरंभ से देवघर प्रेस क्लब मर्यादा की यात्रा कर रहा है. चुनाव में हर एक सदस्य की भावनाओं का ख्याल रखा जायेगा. हिंदुस्तान के ब्यूरो राकेश कर्म्हे ने प्रेस क्लब कल था, आज है और कल भी रहेगा. पत्रकारों को एक होने की आवश्यकता है. इसके बाद लोकतांत्रिक तरीके से प्रेस क्लब का गठन किया जायेगा.
ये सभी रहे मौजूद:
बैठक में जीतेंद्र कुमार सिंह, नीरज चौधरी, आशीष कुंदन, अमरनाथ पोद्दार, कंचन सौरभ मिश्रा, राकेश पुराेहितवार, अभय कुमार, ऋतुराज सिन्हा, राशिद खान, पंकज कुमार तिवारी, सुमरजीत सिंह, अरुण कुमार सुमन, पीतांबर कुमार, संजीव कुमार मिश्रा, रविरंजन गुप्ता, बैद्यनाथ वर्मा, अजय तिवारी, भगवान तिवारी, भोलानाथ तिवारी, बालमुकुंद शर्मा, रंजीत झा, सोहन कुमार झा, अजय कुमार परिहस्त, उत्तम कुमार रंजन, प्रदीप कुमार, अनवर आलम, राजकुमार साह, राकेश कुमार, गौतम कुमार सिन्हा, प्रमेश वर्मा,
अजय संतोषी, निषिद्ध कुमार मालवीय, भोला प्रसाद सिंह, शिवशंकर झा, भगवती भगत, उदयकांत सिंह, संजय कुमार राणा, अनुज भोक्ता, शंकर मंडल, रमेश चंद्र झा, रामानुज प्रसाद सिंह, विनय केसरी, उमाशंकर तिवारी, सुभाष दास, कौशल किशोर, अभय तिवारी, आदित्य तुलस्यान, श्रवण कुमार मंडल, लक्ष्मण चौधरी, प्रकाश कुमार, मनोज सिंह, सत्यनारायण पांडेय, अमरेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार सिंह, दामोदर सिंह, रामाकांत मिश्रा, प्रशांत कुमार समेत प्राय: सभी समाचार पत्र से जुड़े पत्रकार, इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकार, पत्र-पत्रिकाओं के प्रतिनिधि, फोटो जर्नलिस्ट मौजूद थे.



