
Deoghar : देवघर रेलवे स्टेशन पर कांवरिया के भेष में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक युवक को रेल सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में युवक ने दोनों मोबाइल देवघर रेलवे स्टेशन से यात्रियों के चोरी करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद आरपीएफ ने आरोपी युवक और बरामद दोनों मोबाइल फोन को नगर थाना देवघर में सुपुर्द कर उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है। आरपीएफ जसीडीह पोस्ट में सहायक उप निरीक्षक के पद पर तैनात कुमार साहिल द्वारा नगर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार मामला दर्ज किया गया है।

जिसमे कहा गया है कि 17/18 अगस्त की रात वह प्रधान आरक्षी परमेश्वर प्रसाद वर्मा और प्रधान आरक्षी शंकर कुमार पासवान के साथ शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक देवघर रेलवे स्टेशन पर सामान्य व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार रात करीब 12:30 बजे आरपीएफ टीम देवघर रेलवे स्टेशन के मैन गेट के आसपास गश्त कर रही थी और संदिग्ध गतिविधि करने वालों पर नजर रख रही थी।
इसी दौरान मैन गेट के बगल में बने कांवरिया विश्राम पंडाल में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। युवक गेरुआ रंग की गंजी और हाफ पैंट पहनकर कांवरिया के भेष में वहां सो रहे कांवरिया तीर्थयात्रियों के बीच संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। संदेह होने पर सहायक उप निरीक्षक कुमार साहिल ने प्रधान आरक्षी परमेश्वर प्रसाद वर्मा और प्रधान आरक्षी शंकर कुमार पासवान को इसकी जानकारी दी।
टीम जैसे ही युवक की ओर बढ़ी, वह पंडाल से तेजी से बाहर भागने लगा। आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मैन गेट के आसपास ही पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विकास कुमार तांती (30 वर्ष), पिता स्व. विजय तांती, निवासी ग्राम बाघमारी, थाना कटोरिया, जिला बांका, बिहार बताया।
घटनास्थल पर विधिवत जामा तलाशी लेने पर उसके हाफ पैंट की जेब से दो मोबाइल फोन बरामद हुए। बरामद मोबाइल में पोको कंपनी का आसमानी नीला रंग का एंड्राइड फोन, जिसका IMEI नंबर 868666066574301 और 868666066574319 है। दूसरा रियलमी कंपनी का हल्के हरे रंग का एंड्राइड फोन है, जिसका IMEI नंबर 868024063803473 और 868024063803465 है।
दर्ज मामले के अनुसार दोनों मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ करने पर युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि दोनों मोबाइल उसने देवघर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से चोरी किए थे।आरपीएफ ने दोनों मोबाइल के पैटर्न लॉक को खोलने के लिए कहा, लेकिन आरोपी उसे खोल नहीं सका। इसके बाद रात करीब 1 बजे से 1:15 बजे तक घटनास्थल पर उपलब्ध गवाहों के समक्ष बरामद मोबाइल की जब्ती सूची तैयार की गई।
आवेदन में कहा गया है कि यात्रियों से कई बार आग्रह करने के बावजूद कोई भी स्वतंत्र गवाह बनने के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद संदिग्ध आरोपी बिकास कुमार तांती और दोनों बरामद मोबाइल फोन को नगर थाना देवघर लाकर सुपुर्द किया गया। आरपीएफ सहायक उप निरीक्षक कुमार साहिल ने नगर थाना प्रभारी से मामले में उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है।



