
Deoghar News : देवघर जिले के जसीडीह थाना पुलिस ने जीएसटी पदाधिकारी बनकर राइस मिल मालिक और उसके कर्मचारी से 40 लाख 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप सहित अन्य सामान लूटने के मामले का उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

बुधवार को पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर ने अपने कार्यालय स्थित सभा कक्ष में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 8 अगस्त 2026 को वादी विक्रम चौधरी के आवेदन के आधार पर जसीडीह थाना कांड संख्या 269/2026 दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में बताया गया था कि अज्ञात स्कार्पियो सवार अपराधकर्मियों ने जसीडीह थाना क्षेत्र के टाभाघाट-दर्दमारा मुख्य सड़क पर वादी की मोटरसाइकिल को स्कार्पियो से जबरन रोक लिया।

इसके बाद अपराधियों ने खुद को फर्जी जीएसटी पदाधिकारी बताते हुए वादी और उसके साथ आ रहे कर्मचारी को रुपयों से भरे बैग के साथ अगवा कर लिया तथा 40 लाख 50 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटॉप आदि लूट लिए। प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापामारी दल ने औचक छापेमारी करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों ने गिरिडीह, जमुई सहित अन्य इलाकों में भी लूटपाट और डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-पते
कुमोद पोद्दार, उम्र 34 वर्ष, पिता स्व. रविन्द्र पोद्दार, निवासी महपतिया टोला बक्सा, थाना सिमुलतला, जिला जमुई, संजय कुमार सिंह, उम्र 55 वर्ष, पिता रातु सिंह, निवासी तरैया, थाना बेलहर, जिला बांका, बिहार, शिव शंकर कुमार, उम्र 28 वर्ष, पिता सहदेव राम, निवासी गोस्वामी टोला, कटोरिया, थाना कटोरिया, जिला बांका, घनश्याम यादव, उम्र 47 वर्ष, पिता तेजो यादव, निवासी कैलाश पहाड़ी, थाना बेलहर, जिला बांका, बिहार, विनोद प्रसाद यादव, उम्र 38 वर्ष, पिता जगरनाथ यादव, निवासी सलैया, थाना सिमुलतला, जिला जमुई, बिहार।
आरोपियों की निशानदेही पर बरामद सामान कि सूची
गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन संख्या जेएच01बीपी-4780, काले रंग का रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन, सफेद रंग का एप्पल कंपनी का एक मोबाइल फोन, दो प्लास्टिक के पुलिस डंडे, लाल-नीले रंग का पुलिस लिखा एक बोर्ड।
कुमोद पोद्दार की निशानदेही पर 500 रुपये के 840 नोट, कुल 4 लाख 20 हजार रुपये, 200 रुपये के 50 नोट, कुल 10 हजार रुपये।इस प्रकार कुल 4 लाख 30 हजार रुपये नकद, वादी का लूटा गया डेल कंपनी का एक क्षतिग्रस्त लैपटॉप।
अपराधकर्मी शिव शंकर कुमार का एक मोबाइल फोन, जिसमें घटनास्थल से मुक्त किए गए स्थान तक आने-जाने वाले रास्ते का मैप मिला।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी
छापामारी दल में कुलदीप कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, देवघर, दीपक कुमार, पुनि सह थाना प्रभारी, जसीडीह थाना, पुअनि अमर कुमार, जसीडीह थाना, पुअनि रामानुज सिंह, जसीडीह थाना, पुअनि संदीप कृष्णा, थाना प्रभारी मोहनपुर थाना, पुअनि प्रियरंजन कुमार, थाना प्रभारी चितरा थाना, पुअनि प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी देवीपुर थाना, सअनि अभय कुमार, जसीडीह थाना, देवघर तकनीकी शाखा के कर्मी तथा थाना सशस्त्र बल शामिल थे।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं। सिमुलतला थाना कांड संख्या 104/2025, दिनांक 08.12.2025, धारा 319(2)/318(4)/305(A)/3(5) बीएनएस तथा धनवार थाना कांड संख्या 97/2026, दिनांक 02.04.2026, धारा 316(2)/318(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं।
इसके अलावा अप्राथमिकी अभियुक्त कुमोद पोद्दार के विरुद्ध दुमका थाना कांड संख्या 130/2012, दिनांक 05.09.2012, धारा 399/402; हलसी-तेतरहट थाना कांड संख्या 57/2023, दिनांक 24.01.2023, धारा 30(A) बिहार मध् निषेध अधिनियम 2018; तथा देवघर नगर थाना कांड संख्या 532/2025, दिनांक 25.11.2025, धारा 135/138 भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे का अनुसंधान जारी है तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक घटनाओं और संभावित संलिप्तता के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



