Deoghar : मालवाहक गाड़ियों के चालकों से कथित अवैध वसूली करते एक पुलिसकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की प्रमाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

वीडियो की जानकारी देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर को भी मिली है। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद को जांच का निर्देश दिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जा सकती है।
दो-दो सौ रुपये मांगने का आरोप

वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी मालवाहक गाड़ियों के चालकों से दो-दो सौ रुपये की मांग करते दिख रहे हैं। चालकों द्वारा एक-एक सौ रुपये देने की बात कहे जाने पर पुलिसकर्मी फाइन कराने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पुलिसकर्मी चालकों से जल्दी पैसे देने की बात कहते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक चालक से पुलिसकर्मी द्वारा 100 रुपये लेते हुए भी वीडियो में दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
पीसीआर टीम के पुलिसकर्मी का बताया जा रहा वीडियो
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो में दिख रहा पुलिसकर्मी वर्तमान में पीसीआर पुलिस गाड़ी चलाता है। हालांकि, उक्त पुलिसकर्मी के नाम की जानकारी अभी नहीं मिल सकी है।
जांच के बाद सामने आएगी पूरी जानकारी
मामले को लेकर सीसीआर डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि एसपी ने जांच के लिए मामला दिया है। स्वतंत्रता दिवस की व्यस्तता के कारण उन्होंने अभी वीडियो नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि वीडियो देखने के बाद मामले की जानकारी दी जायेगी।



