
Deoghar : सारठ-देवघर मार्ग पर बैद्यनाथ लाइन होटल के समीप सोमवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पैदल जा रहे 38 वर्षीय अमन कुमार राय की मौत हो गयी। मृतक सारवां थाना क्षेत्र के कुलुआ नवाडीह गांव निवासी थे।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अमन कुमार राय को सारठ सीएचसी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर बैद्यनाथधाम ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के भतीजे सौरभ कुमार राय ने पुलिस को दिये बयान में बताया कि उनके चाचा सोमवार सुबह किसी काम से पैदल बगल में ही कहीं जा रहे थे।
इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें धक्का मार दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की जानकारी जुटा रही है।



