
Deoghar : बांग्ला श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर में अत्यधिक भीड़ के बीच पॉकेटमारी की एक और घटना सामने आई है। कोलकाता निवासी श्रद्धालु संजय जयसवाल ने मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के दौरान जेब से 5 हजार नकद चोरी होने की शिकायत बाबा मंदिर परिसर स्थित प्रशासनिक भवन के कंट्रोल रूम में दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, संजय जयसवाल अपने परिवार के साथ बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान अत्यधिक भीड़ के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से 5 हजार नकद निकाल लिया।

घटना की जानकारी होने पर श्रद्धालु ने तत्काल मंदिर प्रशासनिक भवन स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद मजिस्ट्रेट के आदेश पर संबंधित स्थान के सीसीटीवी फुटेज श्रद्धालु को दिखाए गए।
हालांकि फुटेज में घटना से संबंधित कोई स्पष्ट दृश्य दिखाई नहीं पड़ा, जिससे संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी। श्रद्धालु ने कंट्रोल रूम में घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, मंदिर में उमड़ रही भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं को अपने सामान और नकदी की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है।


