
Deoghar News : देवघर जिले के मोहनपुर थाना पुलिस ने हथियार के बल पर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक अपराधी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी।

एसपी ने बताया कि 23 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनपुर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी पिस्तौल का भय दिखाकर वाहनों को रोककर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए उनके निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु यादव (25 वर्ष), पिता- कालेश्वर यादव, ग्राम झाझा, थाना बांका, जिला बांका (बिहार) के रूप में हुई है। उसके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा रिखिया थाना क्षेत्र से लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध रिखिया थाना कांड संख्या 97/26 (धारा 309(4) बीएनएस-2023) दर्ज है। इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार ने किया।
टीम में मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा, पुअनि श्वेत प्रकाश दुबे, पुअनि विरेंद्र उरांव, सअनि मुकेश कुमार सिंह तथा रिजर्व गार्ड के हवलदार जीयालाल साह शामिल थे।


