
Deoghar : नगर थाना क्षेत्र के आजाद चौक स्थित शीतला मंदिर के समीप गुरुवार को चाय दुकान पर चाय पी रहे एक व्यक्ति पर अज्ञात हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती कर दिया।

फिलहाल उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान रिखिया थाना क्षेत्र के बीचगढ़ा गांव निवासी गजेंद्र यादव के रूप में हुई है। गजेंद्र यादव ने बताया कि वह देवघर बाजार में रहकर मजदूरी एवं रिक्शा चलाने का काम करता है। उसके अनुसार परिवार में भाइयों के साथ जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।
घायल ने बताया कि वह आजाद चौक स्थित शीतला मंदिर के पास एक चाय दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति, जिसने कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था, अचानक वहां पहुंचा और उसकी छाती में चाकू मारकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल को संभाला और इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। फिलहाल हमलावर की पहचान नहीं हो सकी है। घायल के बयान के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


