
Deoghar : देवघर जिले में लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार अभियान चला रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में शैलेश कुमार यादव और अंजली मिंज की टीम ने जसीडीह क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।

जांच के दौरान जसीडीह रेलवे परिसर स्थित शांति कृषण दरबार में बिक्री के लिए रखे गए पनीर पर टीम को संदेह हुआ। मौके पर ही पनीर की जांच की गई, जिसमें उसमें स्टार्च की मिलावट की पुष्टि हुई। इसके बाद विभागीय टीम ने तत्काल करीब 25 किलोग्राम मिलावटी पनीर को नष्ट करा दिया।
पूछताछ में प्रतिष्ठान संचालक ने बताया कि पनीर की खरीद बाढ़ निवासी राजदेव यादव से की गई थी, जो रेलवे के माध्यम से जसीडीह में इसकी आपूर्ति करता है। इसके बाद टीम ने अमन एजेंसी में भी जांच की, जहां करीब 10 किलोग्राम पनीर में भी मिलावट पाई गई। विभाग ने उक्त पनीर को भी मौके पर नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को चेतावनी दी कि दोबारा मिलावटी खाद्य सामग्री बेचते पकड़े जाने पर उनके विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों को फूड सेफ्टी नियमों का पालन करते हुए ही खाद्य सामग्री की बिक्री करने का निर्देश दिया।


