
Deoghar : देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के गौरीगंज गांव में बांस काटने को लेकर हुए विवाद में एक युवक के घायल होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गौरीगंज निवासी सोनू कुमार पिता पप्पू दास ने रिखिया थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार घटना 18 जुलाई को दिन के करीब 12 बजे की है। दर्ज मामले में कहा है कि उसके पिता पप्पू दास कांवरिया पथ पर दुकान निर्माण के लिए ईजमाल का बांस काट रहे थे। इसी दौरान गांव के राजेंद्र दास और उनका पुत्र कृष्ण कुमार वहां पहुंचे तथा बांस काटने से मना करते हुए गाली-गलौज करने लगे।

विरोध करने पर दोनों ने कथित तौर पर पप्पू दास के साथ मारपीट शुरू कर दी। दर्ज मामले के अनुसार पिता का शोर सुनकर वह बचाने पहुंचा तो आरोप है कि राजेंद्र दास ने लोहे की धारदार कटारी से उस पर हमला कर दिया।
कटारी उसके दाहिने हाथ में लगी, जिससे हाथ में गहरा जख्म हो गया और काफी खून बहने लगा। मामले में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद आरोपी उसके पिता पर भी हमला करने दौड़ा, लेकिन वे वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
दर्ज मामले में पारिवारिक जमीन और कांवरिया पथ से सटी दुकान के हिस्से को लेकर भी विवाद का उल्लेख किया गया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।


