
Deoghar: देवघर व आसपास के लोगों के लिए अच्छी खबर है। देवघर एयरपोर्ट (Deoghar Airport) से गुवाहाटी (Guwahati) के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। चार अगस्त से देवघर-गुवाहाटी हवाई सेवा शुरू होगी।

एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार देवघर-गुवाहाटी विमान सेवा (Deoghar-Guwahati air service) सप्ताह में दो दिन मंगलवार और शुक्रवार को संचालित होगी। यह विमान सुबह 11:20 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेगा और 11:40 बजे गुवाहाटी के लिए रवाना होगा।

देवघर-गुवाहाटी विमान सेवा शुरू होने से बाबा बैद्यनाथ धाम और मां कामाख्या मंदिर के बीच धार्मिक पर्यटन को नयी गति मिलेगी। अब द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ के दर्शन करने वाले श्रद्धालु आसानी से मां कामाख्या मंदिर भी पहुंच सकेंगे। वहीं, पूर्वोत्तर भारत से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी देवघर तक का सफर पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जायेगा।
इसके अलावा एक अगस्त से देवघर-दिल्ली रात्रिकालीन विमान सेवा भी पुनः शुरू की जा रही है। जिससे यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे।
श्रावणी मेले को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने विशेष तैयारियां भी शुरू कर दी है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से आने वाली नियमित उड़ानों का संचालन निर्धारित समय के अनुसार किया जायेगा, ताकि देश विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


